श्रमिकों को उत्तर प्रदेश ले जा रही बस महागामा में जब्त

संवाद सूत्र महागामा महागामा पुलिस प्रशासन ने गुप्त सूचना पर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे श्रमिक

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 08:45 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 10:26 PM (IST)
श्रमिकों को उत्तर प्रदेश ले जा  रही बस महागामा में जब्त
श्रमिकों को उत्तर प्रदेश ले जा रही बस महागामा में जब्त

संवाद सूत्र, महागामा : महागामा पुलिस प्रशासन ने गुप्त सूचना पर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे श्रमिकों से भरी बस को पुलिस ने देर रात्रि में पकड़ा। बताया जाता है कि मजदूरों का दलाल अमड़ापाड़ा जिला पाकुड़ सहित आसपास क्षेत्र व अन्य जिले के श्रमिकों को यूपी ले जाने के लिए बस में 48 मजदूरों को बैठाया था। इसमें युवक, महिला और पुरुष शामिल थे। पकड़े गए अधिकांश श्रमिक आदिवासी हैं।

पुलिस ने गुप्त सूचना पर संत मेंहीं आश्रम के पास केंचुआ चौक पर बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बस संचालक से कागजात की मांग की गई तो कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद बस को पुलिस जब्त कर थाना ले आई है। सूचना मिलने पर एसडीपीओ शिव शंकर तिवारी और अंचलाधिकारी रंजन यादव महागामा थाना पहुंचे। एसडीपीओ ने मजदूरों से पूछताछ की। साथ ही ले जा रहे दलालों के संबंध में जानकारी ली। अंचलाधिकारी रंजन यादव ने बस संचालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाना में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अंचलाधिकारी ने बताया कि गैर कानूनी तरीके से मजदूरों को यूपी ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चालक सहित बस को पुलिस कब्जा में रखा गया है। श्रमिकों को ले जाने वाले दलाल का पता लगाया जा रहा है। हालांकि श्रमिकों ने कहा कि वे लोग स्वेच्छा से यूपी कमाने के लिए प्रत्येक वर्ष जाते हैं। अभी बस नहीं चलने के कारण रिजर्व बस से यूपी जा रहे थे। यहां रोजगार नहीं मिलने के कारण मजबूरन हमलोगों को घर छोड़ कर काम करने के लिए यूपी जाना पड़ता है। महागामा थाना प्रशासन ने रात्रि में सभी श्रमिकों के लिए खाने की भी व्यवस्था की। जांच के बाद श्रमिकों को वापस घर भेज दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी