जलापूर्ति योजना तैयार, हजारों परिवारों की बुझेगी प्यास

गिरिडीह पेयजल एवं स्वच्छता विभाग प्रमंडल-दो की ओर से निर्मित सिहोडीह ग्रामीण जलापूर्ति योजना

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:16 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:16 PM (IST)
जलापूर्ति योजना तैयार, हजारों परिवारों की बुझेगी प्यास
जलापूर्ति योजना तैयार, हजारों परिवारों की बुझेगी प्यास

गिरिडीह : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग प्रमंडल-दो की ओर से निर्मित सिहोडीह ग्रामीण जलापूर्ति योजना शुरू कर दी गई है। फिलहाल रन एंड ट्राई के तहत इस योजना से जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। इस योजना से हजारों परिवारों की प्यास बुझेगी।

897 लाख की लागत से हुआ है निर्माण : इस योजना का निर्माण 897 लाख रुपये की लागत से हुआ है। इससे जलापूर्ति तो प्रारंभ कर दी गई है, लेकिन तीन माह तक यह ट्रायल पर रहेगी। ट्रायल अवधि में पाइप लाइन, जल मीनार आदि में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं मिलने पर इसे समिति के हवाले कर दिया जाएगा।

21 सौ घरों में जलापूर्ति करने का लक्ष्य : इस योजना से क्षेत्र के 2100 घरों में जलापूर्ति करने का लक्ष्य विभाग का है। अर्थात 2100 परिवारों को इससे शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जाएगा। सभी घरों में नल का कनेक्शन देकर जलापूर्ति की जाएगी। अब तक 1341 घरों में कनेक्शन दिया जा चुका है।

ग्रामीणों में हर्ष : जलापूर्ति योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में काफी हर्ष है। लोगों का कहना है कि अब उनके घरों में भी नल से शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। इससे जल संकट से निजात मिलेगी। पेयजल के लिए उन्हें अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। बताया गया कि यहां पेयजल का पर्याप्त साधन नहीं रहने के कारण पानी के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। गर्मी के दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाती थी। योजना के चालू होने से लोगों की परेशानी दूर होने की उम्मीद जगी है।

प्लांट का किया निरीक्षण : बुधवार को कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल ने सिहोडीह ग्रामीण जलापूर्ति प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने जलापूर्ति की व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली और कर्मियों को कई निर्देश दिए।

वर्जन

सिहोडीह ग्रामीण जलापूर्ति योजना को रन एंड ट्राई के तहत चालू कर दिया गया है। इसकी ट्रायल अवधि तीन महीना है। इस दौरान देखा जाएगा कि सुचारू रूप से जलापूर्ति हो रही है या नहीं। इसमें किसी तरह की कोई गड़बड़ी तो नहीं है। किसी तरह की तकनीकी गड़बड़ी होने पर उसे दूर किया जाएगा।

मुकेश कुमार मंडल, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता, गिरिडीह प्रमंडल-दो

chat bot
आपका साथी