बारिश से जनजीवन प्रभावित, ध्वस्त हुए कई घर

गिरिडीह दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से पूरे जिला में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 08:08 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:47 PM (IST)
बारिश से जनजीवन प्रभावित, ध्वस्त हुए कई घर
बारिश से जनजीवन प्रभावित, ध्वस्त हुए कई घर

गिरिडीह : दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से पूरे जिला में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई कच्चे मकान ध्वस्त हो गए। सड़कों पर कई जगह पेड़ भी गिर गए, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। कई घरों में बारिश का पानी घुस जाने से गृहस्वामियों को काफी नुकसान हुआ। करीब 20 घंटे तक बिजली गुल रहने से भी लोग काफी परेशान रहे।

डुमरी : बारिश से केबी रोड मोड़ पर सिरिस का पेड़ गिर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ को सड़क पर से हटाया गया। छछदो पंचायत के तड़का निवासी अशोक महतो व शबाना हेंब्रम का कच्चा मकान तेज बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर भाजयुमो नेता दीपक श्रीवास्तव ने पीड़ितों से मिलकर हुए नुकसान की जानकारी ली। श्रीवास्तव ने बीडीओ एवं सीओ से दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा देने की मांग की। अधिकारियों ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इस दौरान नागेश्वर महतो, कटी मांझी आदि उपस्थित थे।

बिरनी : सिमराढाब पंचायत के गोंगरा निवासी राजदेव दास का कच्चा मकान शनिवार सुबह गिर गया। इसमें स्वजन बाल-बाल बच गए। घर गिरने से स्वजनों को अब रहने की चिता सताने लगी है। स्वजन खपरैल छत पर प्लास्टिक लादकर जीवन गुजारने को विवश हैं। राजदेव दास की मां खिरिया देवी व पत्नी विभा देवी ने बताया कि वे लोग सुबह सोकर उठे और घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। तभी अचानक घर की दीवार का एक हिस्सा गिर गया। दीवार की चपेट में आने से दोनों बाल बाल बच गईं। पति बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बीडीओ अशोक राम ने कहा कि पीड़ित आवेदन दे। आवास प्लस की सूची में उसका नाम होगा तो उसे आवास दिया जाएगा।

बगोदर : बारिश से अड़वारा पंचायत के लुकुइया के मंगर महतो का मिट्टी का मकान शुक्रवार रात गिर गया। इस कारण उसके समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसे लेकर पीड़ित ने बगोदर बीडीओ को आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास के तहत आवास देने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी