मतदान कर लोकतात्रिक व्यवस्था को मजबूत करते मतदाता

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों और जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसे लेकर कई जगह प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के बीच जहां क्विज का आयोजन किया गया वहीं मतदाताओं मतदान करने के प्रति जागरूक किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 07:14 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 07:14 PM (IST)
मतदान कर लोकतात्रिक व्यवस्था को मजबूत करते मतदाता
मतदान कर लोकतात्रिक व्यवस्था को मजबूत करते मतदाता

जागरण टीम, गिरिडीह : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों और जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसे लेकर कई जगह प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के बीच जहां क्विज का आयोजन किया गया, वहीं मतदाताओं मतदान करने के प्रति जागरूक किया गया। झंडा मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ, जिसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने जिले के वरीय पदाधिकारियों सहित सभी कर्मियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का काफी महत्व है। वर्ष 2011 से हर चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। मतदाता दिवस सभी भारत के नागरिकों को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है। मौके पर डीडीसी शशि भूषण मेहरा, एनडीसी डॉ. सुदेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

निमियाघाट : डुमरी अनुमंडल सभागार में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम प्रेमलता मुर्मू थीं। मतदाताओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। नए मतदाताओं से एसडीएम ने कहा कि आपका एक-एक मत बहुत किमती है। आपके मतों से एक अच्छे नेता चुनकर आपका प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे आपके क्षेत्र का विकास संभव होता है। आप अपने मतों का उपयोग किसी के बहकावे और लोभ में आकर नहीं करें। उन्होंने डुमरी प्रखंड के बद्री मंडल, नावाडीह प्रखंड के भुनेश्वर महतो और चंद्रपुरा प्रखंड की बसंती देवी (बीएलओ) को अच्छे काम के लिए सम्मानित किया। पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। मौके पर सीओ रवि भूषण प्रसाद, अंचल निरीक्षक जितेन्द्र प्रसाद आदि मौजूद थे।

राजधनवार : आदर्श महाविद्यालय राजधनवार में क्विज का आयोजन किया गया। खोरीमहुआ एसडीओ धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है। इसका उपयोग हमें अपने बुद्धि व विवेक के साथ करना है। जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं चढ़ा है वे एपिक सॉफ्टवेयर के साथ ऑनलाइन फॉर्म भरकर एपिक जेनरेट कर अपना नाम चढ़ा सकते हैं। हम सभी का कर्तव्य है कि जिस मतदाता का नाम सूची में नहीं चढ़ सका है उनका नाम सूची में चढ़ाने में सहयोग करें। सीओ शशिकांत सिकर ने कहा कि मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य है लोगों को इसके लिए जागरूक करना। उन्होंने क्विज में विद्यार्थियों से कई प्रश्न पूछे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। मौके पर प्राचार्य डॉ. नरेश प्रसाद राय, प्रो. अनिल बरनवाल, जेपी मौर्या, अनिल कुमार, विवेक कुमार, दुलारी कुमारी, रवीन्द्र कुमार, सरोज कुमार आदि उपस्थित थे।

सरिया : अनुमंडल कार्यालय सरिया में मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। एसडीओ रामकुमार मंडल ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार निर्वाचकों को जागरूक करने के लिए प्रति वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इसके तहत मतदाता अपने अधिकार को समझ सकें। जानकारी दी गई कि अब कोई भी मतदाता किसी भी मोबाइल जिसमें आधार संख्या जुड़ी हो या प्रज्ञा केंद्र आदि के माध्यम से वोटर कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। सरिया प्रखंड के सभी बूथों में बीएलओ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रपत्र छह, सात तथा आठ भी भरा गया। पीडीएस दुकानों में भी नए मतदाताओं को पुरस्कृत किया गया। मौके पर बीडीओ पुष्कर सिंह मुंडा, सीओ सुनीता कुमारी, सुरेश कुमार विद्यार्थी, भरत कुमार महतो, रामेश्वर यादव आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी