नक्सली उत्पात से बंद हो रहीं योजनाएं, सुरक्षा नहीं दे रहा प्रशासन

गिरिडीह नक्सली भले ही कमजोर हुए हैं लेकिन उनका लेवी वसूली का तंत्र तनिक भी कमजोर नहीं

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 07:48 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 07:53 PM (IST)
नक्सली उत्पात से बंद हो रहीं योजनाएं, सुरक्षा नहीं दे रहा प्रशासन
नक्सली उत्पात से बंद हो रहीं योजनाएं, सुरक्षा नहीं दे रहा प्रशासन

गिरिडीह : नक्सली भले ही कमजोर हुए हैं, लेकिन उनका लेवी वसूली का तंत्र तनिक भी कमजोर नहीं हुआ है। लेवी का जो अर्थ गणित है, वह पूर्ववत बरकरार है। जिस किसी भी योजनाओं में उन्हें लेवी नहीं मिल रहा है, वहां वे जमकर उत्पात मचा रहे हैं। हथियारों से लैस माओवादी योजनाओं के कार्यस्थल पर पहुंचकर आगजनी कर रहे हैं। इसका नतीजा है कि कई योजनाओं का काम बीच में ही बंद हो रहा है। प्रशासन इन योजनाओं के ठेकेदारों व उनके कर्मियों को सुरक्षा नहीं दे पा रहा है। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के विधानसभा क्षेत्र डुमरी के करहरबारी में मॉडल डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य नक्सली उत्पात के बाद से बंद था। ठेकेदार बार-बार काम शुरू करने के लिए सुरक्षा की मांग जिला पुलिस से करता रहा, लेकिन नहीं मिला। जोखिम उठाते हुए ठेकेदार ने बिना सुरक्षा के वहां चारदीवारी निर्माण शुरू कर दिया है। इधर बिरनी में धर्मपुर नदी पर भी पुल निर्माण कार्य नक्सली हमले के बाद से बंद है। लेवी के लिए आगजनी के बावजूद पुलिस माओवादियों पर नकेल नहीं कस पा रही है। माओवादियों ने अपने गढ़ पारसनाथ जोन में कम बैक कर लिया है। पहाड़ में छुपे माओवादी लेवी के लिए अब खुलकर सड़कों पर उतरकर उत्पात मचा रहे हैं।

केस स्टडी 1

डुमरी के करहरबारी में बन रहे मॉडल डिग्री कॉलेज निर्माण स्थल पर 24 अगस्त को नक्सलियों ने धावा बोलकर वहां मजदूरों की पिटाई कर जेसीबी समेत कई मशीनों को जला दी थी। सभी नक्सली हथियारबंद थे। लेवी के लिए यह हमला किया गया था। इस घटना के बाद दहशत के कारण वहां काम बंद हो गया। पुलिस ने इस क्षेत्र के हार्डकोर माओवादियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इस प्राथमिकी का नक्सलियों पर कोई असर नहीं पड़ा। उनकी हिसक कार्रवाई जारी है।

केस स्टडी 2

20 अगस्त की शाम को बिरनी में धर्मपुर नदी पर पुल बना रहे कंपनी के कैंप कार्यालय पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। मजदूरों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद वहां खड़ी जेसीबी, मिक्चर मशीन, जेनरेटर, बाइक समेत अन्य मशीनों में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद यहां भी पुल निर्माण कार्य बंद हो गया है। इसके अलावा कैंप कार्यालय के कमरों को भी आग के हवाले कर दिया। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। कोई पकड़ा नहीं गया है।

---

हमले के कारण मॉडल डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य बंद था। बार-बार जिला पुलिस से कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग की, लेकिन नहीं मिला। विवश होकर जोखिम उठाते हुए चारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू करना पड़ा। जिला पुलिस ने आश्वासन दिया है कि चारदीवारी निर्माण एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराने पर वहां पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

सतीश सिंह, ठीकेदार मॉडल डिग्री कॉलेज करहरबारी

chat bot
आपका साथी