बाइक चोर पर कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

गांडेय(गिरिडीह) बीती गुरुवार रात को गांडेय थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से बाइक चोरी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 08:30 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 08:30 PM (IST)
बाइक चोर पर कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश
बाइक चोर पर कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

गांडेय(गिरिडीह) : बीती गुरुवार रात को गांडेय थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से बाइक चोरी होने के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को ग्रामीणों ने महापंचायत लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीण पारंपरिक हथियारों से लैस होकर हंगामा कर रहे थे। गांडेय थाना प्रभारी ने मामले को बढ़ते देख वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। साथ ही दोनों पक्षों को बातचीत के लिए समय निर्धारित कर थाना बुलाया गया। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को जांच में दोषी मिलने पर दोनों चिह्नित आरोपितो पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मेढ़ो निवासी अनिल सिंह गुरुवार की रात सेंट्रिग के कार्य से पहाड़पुर गए थे। वह बातचीत के लिए एक व्यक्ति के घर गए थे। इसी बीच उसकी बाइक चोरी हो गई। काफी खोजबीन करने के बाद भी बाइक नहीं मिली। कुछ ग्रामीणों ने शक के आधार पर गादी के विक्की यादव एवं कल्लू मियां पर चोरी करने का आरोप लगाया। भुक्तभोगी ने शुक्रवार को थाना में लिखित शिकायत कर उन दोनों पर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। गांडेय थाना की पुलिस ने बाइक की बरामदगी को लेकर छापेमारी भी की परंतु कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने उक्त दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया। शनिवार सुबह चरघरा कब्रिस्तान के पास बाइक लावारिस हालत में देखी गई। इधर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने डुगडुगी बजाकर चरघरा के समीप महापंचायत का आयोजन किया। महापंचायत में मेढ़ो, चपरा, मोहनपुर, पहाड़पुर, चरघरा, धर्मपुर, कल्याणडीह समेत अन्य गांवों के तीन सौ से चार सौ लोग पारंपरिक हथियार के साथ जुटे। ग्रामीण चिह्नित आरोपितों को पंचायत में बुलाकर सामाजिक दंड देने पर विचार कर रहे थे। इसी बीच सूचना पर गांडेय थाना प्रभारी रवींद्र कुमार पांडेय दलबल के साथ पहुंचे। ग्रामीण पुलिस से आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रशासन जांच पड़ताल कर दोषियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। प्रशासन से बातचीत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस जब्त बाइक थाना ले आई। मौके पर निर्वतमान मुखिया पवन कुमार राय, एसआइ कार्तिकेय सिंह, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी