पैक्स में धान की खरीदारी बंद, बाजार में लुट रहे किसान

संवाद सहयोगी गांडेय(गिरिडीह) किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी को लेकर गांडेय

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Dec 2020 11:25 PM (IST) Updated:Fri, 04 Dec 2020 11:25 PM (IST)
पैक्स में धान की खरीदारी बंद, बाजार में लुट रहे किसान
पैक्स में धान की खरीदारी बंद, बाजार में लुट रहे किसान

संवाद सहयोगी, गांडेय(गिरिडीह) : किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी को लेकर गांडेय प्रखंड में दो पैक्स चिह्नित किए गए हैं। उनमें बुधूडीह पैक्स और लेदो आहरडीह पैक्स शामिल हैं। सरकार के निर्देश पर 15 नवंबर को उद्घाटन होने के बाद से ही धान की खरीदारी शुरू हो गई थी, लेकिन खरीदारी को लेकर उपजे विवाद के बाद इस पर ग्रहण लग गया है। चार दिसंबर से दोनों ही पैक्सों में धान की खरीदारी बंद कर दी गई है। इससे किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं सरकार के धान की खरीदारी रोकने के फैसले पर किसानों में आक्रोश है। किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं। शनिवार

सुबह 11 बजे जागरण टीम पैक्सों में धान की खरीदारी का जायजा लेने बुधूडीह पैक्स पहुंची। यहां पैक्स प्रतिदिन की भांति खुला था। पैक्स में धान बेचने के लिए बुकिग कराने किसानों का पहुंचना शुरू हो चुका था। जोरासीमर का दशरथ मंडल हड़बड़ाते हुए पैक्स पहुंचे। उन्होंने पैक्स के भीतर पहुंचकर एक गाड़ी धान देने की बात कही। पैक्स प्रबंधक ने बताया कि आज से खरीदारी बंद है। दोबारा आदेश आने के बाद ही खरीदारी हो पाएगी। वह मायूस होकर वापस लौट गए। इसी क्रम में एक घंटे के भीतर आधा दर्जन से अधिक किसान पैक्स पहुंचे। उनमें पंदनियां निवासी सनातन बास्की, सुजना निवासी अनिल टुडू, पहाराम के संतोष वर्मा, बास्की पंडित, बालो पंडित, कर्रीबांक निवासी कौशल वर्मा, सहदेव प्रसाद वर्मा आदि बुकिग के लिए पैक्स पहुंचे, लेकिन पैक्स प्रबंधक ने उन्हें वापस लौटा दिया। किसानों ने कहा कि यदि अविलंब धान की खरीदारी नहीं शुरू हुई तो वे व्यापारी के पास धान बेच देंगे।

बुधूडीह पैक्स के प्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि 15 नवंबर को उद्घाटन के बाद धान की अधिप्राप्ति शुरू हो गई थी। वरीय पदधिकारी के निर्देश पर ऑनलाइन पोर्टल चालू नहीं होने के कारण ऑफलाइन माध्यम से ही किसानों से धान क्रय किया जा रहा था। वरीय पदाधिकारी अविलंब ऑनलाइन शुरू होने का आश्वासन देकर काम करने का निर्देश दे रहे थे। लगातार आश्वासन पर आश्वासन मिलता गया लेकिन ऑनलाइन पोर्टल शुरू नहीं किया गया। इधर, धान खरीदारी की सूचना फैलते ही लगातार किसान पैक्स में धान देने के लिए आने लगे। इस क्रम में 48 किसानों से 2206.60 क्विटल धान की खरीदारी हो चुकी लेकिन चार दिसंबर को मिल की ओर से धान नहीं भेजने का निर्देश दिया गया। इसके बाद अधिप्राप्ति पूर्ण रूपेण बंद कर दी गई। उन्होंने बताया कि मिल में धान की नमी 14 -15 प्रतिशत ही निकल रही है। जबकि 17 प्रतिशत तक नमीवाले धान की खरीदारी मिल में मान्य है। बताया कि गिरिडीह जिले में नमी का कोई मामला नहीं है। खरीदारी में विलंब होने से अचानक बोझ बढ़ने की संभावना है। वहीं किसान औने पौने दाम पर बाजार में धान बेच देंगे। लेदो आहरडीह के पैक्स प्रबंधक रंजीत कुमार राय ने बताया कि 7 किसानों से 390 क्विटल धान की खरीदारी हो चुकी है, लेकिन चार दिसंबर के बाद मिल के निर्देश पर खरीदारी बंद कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी