दहेज के लिए दो नवविवाहितों की हत्या

बेंगाबाद/ बगोदर (गिरिडीह) जिले में दो नवविवाहितों की हत्या दहेज के लिए कर दी गई। शनिवार क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Jul 2021 07:07 PM (IST) Updated:Sat, 03 Jul 2021 07:07 PM (IST)
दहेज के लिए दो नवविवाहितों की हत्या
दहेज के लिए दो नवविवाहितों की हत्या

बेंगाबाद/ बगोदर (गिरिडीह): जिले में दो नवविवाहितों की हत्या दहेज के लिए कर दी गई। शनिवार को पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मायके वालों की शिकायत पर दोनों ही मामलों में ससुरालवालों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र की बड़कीटांड़ पंचायत के दशमारिया गांव में शुक्रवार शाम एक नव विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ घर के एक कमरे में पाया गया। मायके वालों ने बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए मृतका की ससुराल में जमकर हंगामा किया। पुलिस मृतका के ससुराल पक्ष से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह सिरसिया निवासी बबलू पंडित की बेटी आरती की शादी 20 मई को दशमोरिया निवासी हुरो पंडित के पुत्र पवन पंडित के साथ हुई थी। हुरो पंडित ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद हम दोनों पति-पत्नी मकई पौधे की कोड़ाई करने घर से बाड़ी में गए थे, जबकि बेटा बेंगाबाद में एक कपड़ा दुकान में काम करने गया था। घर में बहू थी। शाम को घर आने पर बहू को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच देखा कि एक कमरे का दरवाजा बंद है। बाहर से खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तब आसपास के लोगों को बुलाया गया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर देखा कि बहू एक गमछे के सहारे फंदे पर लटक रही थी। शादी के महज एक माह बाद ही उसकी मौत से लोग अचंभित हैं।

इधर बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो में शुक्रवार की रात्रि एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने पर बगोदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। विवाहिता की मां बगोदर थाना क्षेत्र के करंबा निवासी डुगनी देवी ने अपनी पुत्री मधु कुमारी की हत्या करने का आरोप उसके ससुरालवालों पर लगाया है। इसे लेकर उसने मृतका के पति रवि महतो, ससुर प्रसादी महतो, सास हिरिया देवी, देवर निरंजन महतो, मोनिका कुमारी समेत एक अन्य रिश्तेदार हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के सिरय सरैयाटांड़ निवासी उमाशंकर महतो के खिलाफ आवेदन देकर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। डुगनी देवी ने कहा है कि मेरी बेटी की गला घोंटकर हत्या की गई है। बताया कि पुत्री की शादी एक माह पूर्व 23 मई को दोंदलो निवासी रवि महतो के साथ हुई थी। इसमें उन्होंने और अपनी इच्छा के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के कुछ ही दिन बाद से मेरी बेटी के साथ मारपीट की जाने लगी व उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। कहते थे कि दहेज स्वरूप मोटरसाइकिल तथा नगद 50 हजार रुपये मांगकर लाओ नहीं तो तुमको नहीं रखेंगे। गरीबी के कारण उनकी मांगों को वह पूरा नहीं कर पाई। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।

chat bot
आपका साथी