कोसोगोंदोदिघी में 24 घंटे में दो महिलाओं की हत्या

संवाद सहयोगी, देवरी (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के कोसोगोंदोदिघी में दहेज के लिए 24 घंटे के

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jan 2019 07:02 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jan 2019 07:02 PM (IST)
कोसोगोंदोदिघी में 24 घंटे में दो महिलाओं की हत्या
कोसोगोंदोदिघी में 24 घंटे में दो महिलाओं की हत्या

संवाद सहयोगी, देवरी (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के कोसोगोंदोदिघी में दहेज के लिए 24 घंटे के भीतर दो विवाहिताओं की हत्या कर दी गई। यह मामला प्रकाश में आने के बाद से क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। गरुवार को जहां एक महिला का शव फंदे पर लटकता मिला था, वहीं शुक्रवार को एक महिला की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। शव गांव के संतोष साव की 20 वर्षीया पत्नी रूपा देवी का है। शुक्रवार को गांव के एक निजी सिचाई कूप से पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। इस बाबत रूपा के दादा बेरोडीह निवासी अर्जुन साव ने थाना में आवेदन देकर चचेरे ससुर इंद्रदेव साव, भरत साव, संतोष साव, सास, ननद व इसी थाना क्षेत्र के नायकडीह गांव निवासी बंधनी देवी व तेतर साव सहित नौ लोगों पर साजिश के तहत दहेज के लिए उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा है कि उनकी पोती रूपा कुमारी की शादी गांव के संतोष साव के साथ एक वर्ष पूर्व हुई थी। तब क्षमता के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के कुछ ही दिन बाद से रूपा को प्रताड़ित किया जाने लगा। अंत में उसकी हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

बता दें कि गुरुवार को इसी गांव में संदेहास्पद स्थिति में एक महिला की मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता पाया गया था। महिला की पहचान गांव के राहुल साव की पत्नी 22 वर्षीया सबिता देवी के रूप में हुई थी। उसकी छह माह की बेटी को घर के आंगन में रोते देख महिलाओं ने दरवाजे को खोलकर देखा तो उसका शव फंदे पर झूल रहा था। इस खबर पर गांव के लोग वहां जुट गए। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। इसे लेकर भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के मछली गांव निवासी सह मृतक सबिता के दादा टहलू साव ने थाना मे आवेदन देकर कहा है कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पोती सबिता का विवाह कोशोगोंदोदिघी निवासी मौजी साव के पुत्र राहुल साव के साथ की थी। विवाह के चार माह तक सबकुछ ठीक ठाक रहा पर इसके बाद मोटरसाइकिल व 50 हजार रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं करने पर पति राहुल साव, ससुर मौजी साव, मौजी साव की बेटी व खेमचंद साव आदि उसे प्रताड़ित कर रहे था। आवेदन में दहेज के लिए उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। देवरी थाना प्रभारी उत्तम कुमार उपध्याय ने बताया कि दोनों में दहेज हत्या का मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी