भेलवाघाटी के युवक की बिहार के चकाई में गोली मारकर हत्या

देवरी (गिरिडीह) भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के पिपराटांड़ निवासी बनवारी यादव के 20 वर्षीय पुत्र बसं

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Aug 2021 01:04 AM (IST) Updated:Thu, 12 Aug 2021 01:04 AM (IST)
भेलवाघाटी के युवक की बिहार के चकाई में गोली मारकर हत्या
भेलवाघाटी के युवक की बिहार के चकाई में गोली मारकर हत्या

देवरी (गिरिडीह) भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के पिपराटांड़ निवासी बनवारी यादव के 20 वर्षीय पुत्र बसंत कुमार यादव की हत्या बुधवार लगभग चार बजे शाम बिहार जमुई के चकाई थाना क्षेत्र के रंगनिया मोड़ के पास गोली मारकर कर दी गई। मृतक युवक वर्तमान में चकाई थाना क्षेत्र के सरोन अपने मामा के घर में रह रहा था। बसंत चकाई थाना क्षेत्र के सरोन में रहता था। वह बुधवार को अपनी बहन के घर रंगनिया जा रहा था कि इसी बीच उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव चकाई थाना क्षेत्र के रंगनिया मोड़ पर मिला। चकाई थाना पुलिस आरोपित की खोजबीन में जुटी थी। मृतक दो भाई था जिसमें वह छोटा था। घटना से स्वजनों का जहां रो रोकर बुरा हाल है वहीं गांव के लोग दहशत में हैं। बसंत की शादी इसी वर्ष चकाई के कियाजोरी घाघरा में हुई थी।

दुष्कर्म के बाद गर्भपात कराने का आरोपित गिरफ्तार

देवरी : नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने व गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित रूपेश तिवारी को पुलिस ने पूछताछ करने के बाद न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराने के बाद न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया। इसके बाद पीड़िता को उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।

गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता के पिता ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गत सात अप्रैल 2021 को जब मैं अपनी पत्नी के साथ काम करने के लिए गया था तो घर में नाबालिग पुत्री अकेली थी। मौके का फायदा उठाते हुए आरोपित रूपेश तिवारी पानी पीने के बहाने घर में घुस गया और नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही हल्ला करने पर पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी भी दी। इसके बाद गांव के एक पूर्व मुखिया के पास जाकर सारी बात बताईं तो वे आरोपित के पिता के पास उसे ले गए। पीड़ित के पिता ने आरोपित के पिता व पूर्व मुखिया की मिलीभगत से नाबालिग का गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।

- दहेज हत्या का आरोपित ससुर गिरफ्तार : यदुरायडीह के भलुवाही गांव से दहेज हत्या के मामले में आरोपित ससुर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित केदार महतो को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपित समेत पांच लोगों पर नवडीहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत हारोडीह गांव निवासी मृतका के पिता अशोक महतो ने 23 वर्षीय नवविवाहिता पुत्री रूपा देवी की दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

chat bot
आपका साथी