मैट्रिक परीक्षा परिणाम में गिरिडीह का पांचवां स्थान
झारखंड अधिविद्य परिषद ने बुधवार को वर्ष 2020 की मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इसमें इस बार गिरिडीह जिला का ग्राफ नीचे गया है।
गिरिडीह : झारखंड अधिविद परिषद ने बुधवार को वर्ष 2020 की मैट्रिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इसमें इस बार गिरिडीह जिला का ग्राफ नीचे गया है। राज्य में दूसरे स्थान से गिरिडीह पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। 78.5 फीसद परीक्षा परिणाम के साथ पूरे राज्य में गिरिडीह का पांचवां स्थान रहा है, जबकि गत वर्ष इससे अधिक परीक्षा परिणाम के साथ दूसरे स्थान पर था।
इस वर्ष पूरे जिला से कुल 30708 छात्र-छात्राओं ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी, जिनमें 24106 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुजूर ने बताया कि इस बार जिला का 78.5 फीसद रिजल्ट रहा है। गिरिडीह का स्थान राज्य में पांचवां है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।