शिक्षक व अनुसेवक में भिड़ंत, शिक्षक का दांत टूटा

बिरनी (गिरिडीह) बिरनी के अनुसेवक अजय राम व पलौंजिया मध्य विद्यालय के शिक्षक रामदेव प्रसाद क

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 06:04 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 06:04 PM (IST)
शिक्षक व अनुसेवक में भिड़ंत, शिक्षक का दांत टूटा
शिक्षक व अनुसेवक में भिड़ंत, शिक्षक का दांत टूटा

बिरनी (गिरिडीह): बिरनी के अनुसेवक अजय राम व पलौंजिया मध्य विद्यालय के शिक्षक रामदेव प्रसाद कुशवाहा के बीच गुरुवार शाम प्रखंड कार्यालय के समीप भिड़ंत हो गई। इसमें शिक्षक का दो दांत टूट गए तो अनुसेवक के सिर पर गंभीर चोट लगी। दोनों का इलाज बिरनी सीएचसी में कराया गया। शिक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा पदाधिकारी ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की शिकायत शिक्षक व अनुसेवक दोनों ने थाना में आवेदन देकर की है।

शिक्षक ने कहा है कि 17 जून को लगभग तीन बजे वह अपने घर सिमराढाब से स्कूटी पर सवार होकर ब्रह्मसिया जा रहे थे। अनुसेवक व उसका पुत्र किशन राम घात लगाए प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट के सामने खड़े थे। वहां पहुंचते ही दोनों ने गाली गलौज देते हुए स्कूटी रोकने को कहा। स्कूटी को रोकते ही दोनों ने जान मारने की नीयत से उन पर लाठी से हमला कर दिया। पुत्र ने उनके गले से सोने की चेन व जेब से 25 हजार रुपये छीन लिए। हो हल्ला करने पर अगल बगल के दुकानदार दौड़कर वहां आए तब उनकी जान बची। लोगों को देखकर वे दोनों भाग गए। इधर अनुसेवक ने कहा है कि शिक्षक का पुत्र उनकी बोलेरो अपने पिता का इलाज कराने ले जाने की बात कहकर बीते फरवरी माह में ले गया। इसके बाद उसे कहीं बेच दिया या क्या किया, यह उन्हें नहीं मालूम है। बोलेरो मांगने पर टालमटोल कर रहा है। इसे लेकर थाना में मामला भी दर्ज किया गया है। उसी से संबंधित बैठक रविवार को करने को कहने के लिए उन्हें रोका। उन्हें इस बैठक में आने व अपने लोगों को भी लाने को कहा। इतना बोलते ही गाली देते हुए उन्होंने हाथ चला दिया जिससे उनकी आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी है।

------------------------ कुशवाहा संघ ने की अनुसेवक की गिरफ्तारी की मांग :

शिक्षक रामदेव प्रसाद कुशवाहा पर जानलेवा हमला करनेवाले आरोपित अंचल कार्यालय के अनुसेवक अजय राम को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। लवकुश जागृति मंच के बैनर तले कुशवाहा समाज के लोगों ने शुक्रवार को थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। मंच के लोगों को थाना प्रभारी ने कहा कि अनुसंधान किया जा रहा है। दोषी की गिरफ्तारी शीघ्र होगी। अध्यक्ष सुरेन्द्र वर्मा व सचिव विष्णुदेव वर्मा ने कहा कि आरोपित को पुलिस यदि 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार नहीं करेगी तो मंच थाना का घेराव करने को बाध्य होगी। साथ ही आरोपित अनुसेवक जहां भी होगा वहां से उसे पकड़कर पुलिस को सौंपने का काम करेगा। मौके पर बासुदेव प्रसाद वर्मा, मुखिया प्रेमचंद कुशवाहा, मुकुंद मुरारी, देवनारायण शर्मा, विजय वर्मा, विनोद वर्मा, राजेंद्र वर्मा, पोखन महतो, पवन कुमार, श्रीकांत वर्मा, अशोक वर्मा, सुभाष वर्मा, राजेश वर्मा, अभिषेक कुमार, दशरथ वर्मा, रामसेवक वर्मा आदि लोग शामिल थे।

chat bot
आपका साथी