बच्चों मे पौधारोपण कर लिया जल संचयन का संकल्प

सदर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बदडीहा में जागरण जल सैनिकों ने जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण को ले कमर कस ली है। इसी के तहत गुरुवार को विद्यालय में जल सैनिकों के सहयोग से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पौधारोपण से इसकी शुरुआत की गई। प्रमुख पूनम देवी सहित जल सैनिकों शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Sep 2019 11:48 PM (IST) Updated:Fri, 27 Sep 2019 11:48 PM (IST)
बच्चों मे पौधारोपण कर लिया जल संचयन का संकल्प
बच्चों मे पौधारोपण कर लिया जल संचयन का संकल्प

गिरिडीह : सदर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बदडीहा में जागरण जल सैनिकों ने जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण को ले कमर कस ली है। इसी के तहत गुरुवार को विद्यालय में जल सैनिकों के सहयोग से कई कार्यक्रम किए गए। पौधारोपण से इसकी शुरुआत की गई। प्रमुख पूनम देवी सहित जल सैनिकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए। इस क्रम में दो दर्जन से अधिक पौधे रोपे गए। सभी ने पौधों की देखभाल करने के साथ-साथ जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण करने का संकल्प लिया। इस दौरान जल संचयन विषय पर निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी की गई, जिसमें जल सैनिकों के अलावा विद्यालय में अध्ययनरत अन्य बच्चों ने भी काफी उत्साह से भाग लिया। किसी ने आकर्षक पेंटिग बनाकर जल का महत्व बताते हुए इसे बर्बाद होने से बचाने का संदेश दिया, तो किसी ने जल संचयन की आवश्यकता पर एक से बढ़कर एक निबंध लिखा। बच्चों ने अपने निबंध में जल संचयन करने के तरीके भी बताए। पेंटिग में रितिक कुमार प्रथम, ऋतु राज द्वितीय व अभिषेक कुमार विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह निबंधन लेखन में रितिक कुमार, रानी कुमारी व रेशम कुमारी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रमुख ने इस कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि वर्तमान समय में पानी बचाना बहुत जरूरी है। अगर हम जल का संचयन नहीं करेंगे तो आने वाले समय में पानी मिलना मुश्किल हो जाएगा, जिससे हम सभी का जीवन खतरे में पड़ जाएगा। अधिक से अधिक पौधे लगाकर जल संचयन के साथ-साथ पर्यावरण का भी संरक्षण किया जा सकता है। जल संचयन की दिशा में दैनिक जागरण द्वारा की जा रही पहल सराहनीय है। इससे बच्चों में भी इसके प्रति जागरूकता आ रही है।

प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि बच्चे अभी से ही पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर जागरूक हो रहे हैं, यह अच्छी बात है। आने वाले समय में अच्छा प्रभाव देखने को मिलेगा। बच्चे समाज को भी जागरूक करने का काम कर रहे हैं। दैनिक जागरण की यह मुहिम अवश्य सफल होगी। शिक्षक दीपक कुमार ने कहा कि जल संकट से निजात पाने के लिए पानी बचाना जरूरी है। सोख्ता गड्ढा बनाकर पानी को बर्बाद होने से बचा सकते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंजलि प्रसाद, रेखा कुमारी, सारिका कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।

chat bot
आपका साथी