मुखिया-जलसहिया के बीच मारपीट, छह घायल

अहिल्यापुर (गिरिडीह) अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर में शुक्रवार को सामुदायिक शौचालय

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Aug 2020 09:33 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:17 AM (IST)
मुखिया-जलसहिया के बीच मारपीट, छह घायल
मुखिया-जलसहिया के बीच मारपीट, छह घायल

अहिल्यापुर (गिरिडीह) : अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर में शुक्रवार को सामुदायिक शौचालय निर्माण को ले मुखिया मसरूद्दीन अंसारी एवं जल सहिया किरण देवी के बीच मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों से मुखिया, जलसहिया पति समेत छह लोग घायल हो गए। एक घायल मोहन वर्मा को गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए गांडेय सीएचसी भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह भेज दिया गया। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। देर शाम तक प्रशासनिक पदाधिकारी दोनों पक्षों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाने पर जुटे थे।

क्या है मामला : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग एवं 15वीं वित्त मद से पर्वतपुर पंचायत सचिवालय के समीप सामुदायिक शौचालय का निर्माण हो रहा था। शौचालय का निर्माण मुखिया स्वंय करा रहे थे, लेकिन पंचायत सचिवालय के समीप सामुदायिक शौचालय निर्माण का जल सहिया एवं ग्रामीण विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि मुखिया मनमाने तरीके से पंचायत सचिवालय के समीप बिना ग्राम सभा किए शौचालय का निर्माण करा रहे थे। साथ ही इसके लिए जलसहिया पर चेक काटने का दवाब बना रहे थे। इसके लिए मुखिया ने जलसहिया के साथ गाली-गलौज भी की। इस पर ग्रामीण भड़क गए। इससे दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई।

विवादित निर्माण स्थल का निरीक्षण को पहुंची थी टीम : इधर, जलसहिया व ग्रामीणों की ओर से शौचालय निर्माण का विरोध होने पर शुक्रवार को विभाग की टीम पर्वतपुर पहुंची थी। टीम के सदस्य शौचालय निर्माण स्थल पर ग्रामीणों से पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों के विरोध के कारण जिला से आई टीम वापस लौट गई। टीम के लौटने के बाद भी ग्रामीण व मुखिया के बीच नोकझोक हो रही थी। बाद में दोनों पक्ष आपस में उलझ गए और मारपीट की घटना हुई।

दोनों पक्षों की ओर से छह लोग घायल हुए, जिनमें मुखिया मसरुद्दीन अंसारी, इशाक अंसारी, अब्बास अंसारी एवं सरफराज अंसारी को चोट लगी, जबकि दूसरे पक्ष से जलसहिया पति रंजीत वर्मा व मोहन वर्मा घायल हुए हैं।

स्थल चयन को लेकर हुआ हंगामा : विभाग के प्रखंड समन्वयक बीरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि सामुदायिक शौचालय निर्माण को लेकर ग्राम सभा हुई थी। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित होने के बाद पर्वतपुर पंचायत सचिवालय के समीप शौचालय का निर्माण हो रहा था, लेकिन जलसहिया सामुदायिक शौचालय को दूसरी जगह बनाने की बात कर रही थी। जिला स्तरीय टीम के पहुंचने के बाद ग्रामीण हंगामा करने लगे। इस कारण कोई निर्णय नहीं हो पाया।

मामले के निपटारा करने पहुंचे प्पदाधिकारी : घटना के बाद अहिल्यापुर थाने में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग जमा हो गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। इस दौरान थाना परिसर में भी जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंचे सीओ धनंजय पाठक, बीडीओ हरि उरांव, थाना प्रभारी दीपक कुमार ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। देर शाम तक प्रशासनिक पदाधिकारी विवादित स्थल की जांच कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाने में जुटे थे।

chat bot
आपका साथी