गले मिले न हाथ, जिंदगी के लिए घरों में नमाज

गिरिडीह पूरे जिला में शुक्रवार को ईद की धूम रही। कोरोना संक्रमण के बीच हर जगह उ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 06:57 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 06:57 PM (IST)
गले मिले न हाथ, जिंदगी के लिए घरों में नमाज
गले मिले न हाथ, जिंदगी के लिए घरों में नमाज

गिरिडीह : पूरे जिला में शुक्रवार को ईद की धूम रही। कोरोना संक्रमण के बीच हर जगह उत्साह के साथ हर्षोल्लास शांतिपूर्वक ईद मनाई गई। कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए लोगों ने यह पर्व मनाया। नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों और ईदगाहों में भीड़ नहीं लगी। लोगों ने अपने-अपने घर में रह कर ही नमाज अदा की। एक-दूसरे से गले मिलने से भी परहेज किया। सभी ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।

शहर के बरवाडीह, भंडारीडीह, चैताडीह, मोहनपुर, विशनपुर, पचंबा, बोड़ो, कोलडीहा आदि जगहों में ईद मनाई गई। ईद को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रही।

देवरी : प्रखंड के विभिन्न मुस्लिम गांवों में ईद मनाई गई। कोरोना महामारी को लेकर लोगों ने सादे समारोह में ही ईद मनाई और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। चतरो, चहाल, झगरुडीह, परसाटांड़, खरियोडीह ,बजगुंदा, सलेडीह उर्फ खरोडीह, खसलोडीह, म्हारायडीह, भेलवाघाटी, गरंग आदि गांवों में ईद मनाई गई।

सरिया : प्रखंड में ईद के मौके पर लोगों ने घरों में नमाज अदा की। मौलाना जाहिद ने बताया कि यह पर्व दरअसल रमजान के 30 दिन कष्ट सहकर अपनी अंतरात्मा को जगाने और गरीबों की मदद करने तथा भूखे-प्यासे लोगों के दुख-दर्द बांटने का इनाम है। मुसलमानों के पैगंबर साहब का फरमान है कि ईद उनके लिए नहीं है, जिन्होंने मनमानी जिदगी गुजारी और ईद के दिन नए-नए कपड़े पहनकर ईद मना लिया। दरअसल, ईद उनके लिए है जो ईश्वर के आदेश का पालन करके जीवन बिताता है।

तिसरी : प्रखंड के विभिन्न गांवों में ईद को लेकर शांति पूर्वक मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इसके बाद एक-दूसरे को ईद की बधाई दी गई। शारीरिक दूरी का ख्याल रख कर तिसरी, पालमरुआ, ककनी आदि गांवों में हर्षोल्लास ईद मनाई गई। पर्व को लेकर पुलिस गश्ती कर रही थी।

निमियाघाट : डुमरी प्रखंड में ईद पर्व कोरोना के साए में मनाया गया। लोगों ने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। नमाज में कोरोना महामारी से मुक्ति को दुआ कराई गई। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे का बधाई देने का सिलसिला गुरुवार रात से ही आरंभ हो गया था। ईद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में एक-दूसरे का सेवइयां खिलाकर मुंह मीठा कराया। पड़ोसियों, दोस्तों, रिश्तेदारों आदि को घर में सेवाइयां और दूसरे व्यंजन खिलाकर आपस में त्योहार की खुशियां बांटी। गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए हिदू समुदाय के लोग भी ईद की बधाई देने मुस्लिम दोस्तों और संबंधितों के घर पहुंचे।

डुमरी : प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद पर्व मनाया। लोगों ने सामूहिक नमाज न अदा कर अपने अपने घरों में ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ईद की नमाज पढ़ी तथा बगैर हाथ मिलाए व गले मिले एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। लोगों ने अल्लाह से कोरोना संकट से उबारने की दुआ की।

गावां : प्रखंड में शांतिपूर्ण तरीके से ईद मनाई गई। प्रखंड मुख्यालय गावां सहित सभी पंचायतों में लोगों ने नमाज के बाद घर-परिवार में एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

chat bot
आपका साथी