प्रतिमा विसर्जन के साथ दुर्गा पूजन महोत्सव का समापन

सरिया (गिरिडीह) सरिया प्रखंड क्षेत्र में 10 दिनों से हो रही रामनवमी सह वासंती दुर्गापूजा मह

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 07:32 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 07:32 PM (IST)
प्रतिमा विसर्जन के साथ दुर्गा पूजन महोत्सव का समापन
प्रतिमा विसर्जन के साथ दुर्गा पूजन महोत्सव का समापन

सरिया (गिरिडीह): सरिया प्रखंड क्षेत्र में 10 दिनों से हो रही रामनवमी सह वासंती दुर्गापूजा महोत्सव गुरुवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। किसी प्रकार की शोभायात्रा इसमें नहीं निकाली गई। इस वर्ष रामनवमी पूजा पर कोरोना का असर दिखा। सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए पूरी शांति के साथ भक्तों ने पूजा-अर्चना की। कुछ लोगों के ही सहयोग से गुरुवार को मां भगवती की पूजा-अर्चना कर संध्या को प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया। ठाकुरबाड़ी मंदिर के यजमान सह कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय ने कहा कि कोरोना काल को देखते हुए पूरी शांति के साथ माता की विदाई दी गई। कहा कि प्रत्येक वर्ष माता की विदाई में सैकड़ों महिला-पुरुष जुलूस की शक्ल में तामझाम के साथ सरिया बाजार की प्रमुख सड़कों पर भ्रमण कर प्रतिमा का विसर्जन करते थे। इस वर्ष कोरोना के संक्रमण की गति तेज हो गई है। तत्काल भयावह स्थिति मनोवैज्ञानिक रूप से अधिक व्याप्त हुई है। सरकारी तंत्र को और सक्रिय होने की जरूरत है। कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए बिना भीड़ लगाए मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। कहा कि पिछले वर्ष कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे सरिया नगर पंचायत क्षेत्र को सरकारी विभाग की ओर से सैनिटाइज्ड किया गया था, लेकिन इस बार अब तक प्रशासनिक रूप से किसी भी प्रकार का सैनिटाइज नहीं कराना दुर्भाग्य की बात है। कहा कि हम सब माता भगवती से प्रार्थना करते हैं कि कोरोना महामारी को भारत से खत्म करें। इस महामारी संकट से हम सभी को मुक्ति दिलाएं। ताकि आनेवाले वर्ष में पूरी श्रद्धाभाव और शानो शौकत के साथ दुर्गापूजा मना सकें।

chat bot
आपका साथी