दिव्यांगों को नौ माह से नहीं मिली पेंशन

सियांटाड़ (गिरिडीह) जमुआ प्रखंड के 1072 दिव्यांगों को विगत नौ माह से स्वामी विवेकानंद निश्

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 05:13 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 05:13 PM (IST)
दिव्यांगों को नौ माह से नहीं मिली पेंशन
दिव्यांगों को नौ माह से नहीं मिली पेंशन

सियांटाड़ (गिरिडीह) : जमुआ प्रखंड के 1072 दिव्यांगों को विगत नौ माह से स्वामी विवेकानंद निश्शक्त योजना के तहत मिलनेवाली पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनमें भारी रोष है। लाचार दिव्यांग पेंशन की आस लगाए बैठे हैं। बेहतर सुविधा के लिए दिव्यांगो की सूची प्रखंड से जिले के सामाजिक सुरक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराकर ऑनलाइन किया गया था ताकि इस योजना के तहत जितने भी लाभुक हैं उनके पेंशन का भुगतान सही समय पर हो सके, लेकिन स्थिति जस की तस है। कोरोना का प्रकोप थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। दिव्यांग घरों में कैद हैं, ऐसे में उन्हें आर्थिक सहायता न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।

-पेंशन के लिए नौ माह से बैंकों का चक्कर काट रहे दिव्यांग : स्वामी विवेकानंद निश्शक्त योजना के तहत जो लाभुक हैं वह पेंशन के लिए बैंकों का चक्कर काट रहे हैं कि शायद इस माह विभाग की ओर से पेंशन की राशि उनके खाते में भेज दी गई हो। विगत नौ माह से दिव्यांगों के खाते में पेंशन की राशि नहीं भेजी गई है। इसे विभाग की लापरवाही समझें या दिव्यागों के साथ भेदभाव। कोरोना जैसे संकट से उबरने के लिए केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार गरीबों व असहाय लोगों की हरसंभव मदद कर रही है, लेकिन स्वामी विवेकानंद निश्शक्त योजना के लाभुकों के साथ भेदभाव कर रही हैं।

दिव्यांग यशोदा मारी ने बताया कि कोरोना जैसी इस विकट महामारी में नौ माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। कई बार इसके लिए कार्यालय का चक्कर वे लगा चूकी है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पदाधिकारी फंड नहीं होने का रोना रोते हैं। धर्मेद्र कुमार ने बताया कि समय पर पेंशन की राशि नहीं मिलने से परेशानी होती है। पेंशन की राशि दिव्यांगों के लिए एक सहारा होता है। कहा कि सरकार दिव्यांगों के उत्थान के लिए कई वादे करती है, लेकिन यहां तो समय पर पेंशन की राशि नहीं मिल पा रही है। इससे बड़ा दुर्भाग्य दिव्यांगों के लिए क्या होगा।

क्या कहते हैं उपायुक्त : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि अगस्त 2020 से ही राज्य सरकार ने इसके लिए आवंटन नहीं भेजा है। आवंटन के लिए सरकार से पत्राचार किया जाएगा ताकि दिव्यांगों के पेंशन का भुगतान हो सके।

chat bot
आपका साथी