पारा शिक्षक के गायब पुत्र नदी में मिला शव, हत्या की आशंका

जोगियापहरी के पारा शिक्षक लवकिशोर पांडेय के गायब 13 वर्षीय पुत्र अनिश कुमार पांडेय का शव दो दिन बाद सोमवार को कलवा नदी के हदहदवा नाला में उपलाता मिला।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 06:53 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 06:53 PM (IST)
पारा शिक्षक के गायब पुत्र नदी में मिला शव, हत्या की आशंका
पारा शिक्षक के गायब पुत्र नदी में मिला शव, हत्या की आशंका

संस,तिसरी (गिरिडीह) : जोगियापहरी के पारा शिक्षक लवकिशोर पांडेय के गायब 13 वर्षीय पुत्र अनिश कुमार पांडेय का शव दो दिन बाद सोमवार को कलवा नदी के हदहदवा नाला में उपलाता मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृत अनिश के परिजनों को दी। परिजनों ने इसकी सूचना तिसरी थाना को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पीकू प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गिरीडीह भेज दिया। वहीं गायब किशोर का शव मिलने की सूचना पर बीडीओ सुनील प्रकाश भी मौके पर पहुंचे और स्वजनों व पुलिस अधिकारी से मामले की जानकारी ली। जहां शव मिला उससे कुछ दूरी पर ही उसका कपड़ा व चप्पल बरामद किया गया। जबकि अनिश का मोबाइल गायब मिला है। पुलिस अब उसके मोबाइल को खोज रही है। थाना प्रभारी पीकू प्रसाद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने बाद ही स्पष्ट हो सकता है कि यह हत्या है क्या नहीं।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने स्वजनों और पुलिस को बताया कि बीते दो दिनों से गायब किशोर को खोज रहे थे। इस दौरान हदहदवा नाला में देखा कि एक शव उपला रहा है। निकट जाकर देखा तो शव का मुुंह अंदर की ओर था। किसी तरह शव को नाला से निकाला तो देखा कि दाहिने आंख से खून निकल रहा था। हाथ और पैर पानी में रहने के कारण सिकुड़ गया था। स्वजन अनिश की हत्या कर शव को फेंकने की बात कह रहे हैं। मृतक के दादा भगवान दास पांडेय ने बताया कि शनिवार को अनिश घर से ट्यूशन करने तिसरी आया था। वह अग्रवाल उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। ट्यूशन पढ़ने आया था लेकिन जहां ट्यूशन लेता था वहां वह गया ही नहीं था। गायब होने के दिन दोपहर तक उसे नंदकिशोर पांडेय के पुत्र सौरव पांडेय के साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों अलग हो गए। उनका पोता तिसरी के डेरे की चाबी सौरव से लेकर चला आया। जब सौरव डेरे में आया तो अनिश को वहां नहीं देखकर फोन किया। फोन नहीं लगने पर सीधा अपने घर जोगियापहरी आकर अनिश के पिता को यह बात बताई। इसके बाद अनिश के पिता ने भी उसे फोन लगाया। घंटी बजती थी लेकिन वह नहीं उठा रहा था। काफी खोजबीन के बाद वह नहीं मिला तो शनिवार को ही थाना में आवेदन दिया गया। पुलिस शनिवार से ही उसकी तलाश कर रही थी। मोबाइल ट्रेस होने के अनुसार भोगताडीह गांव की तरफ उसकी खोजबीन की गई लेकिन वह नहीं मिला।

नाना ने भूमि विवाद में जताई हत्या की आशंका

वहीं शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतक के नाना बोकारो निवासी संतोष कुमार पांडेय स्वजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके दामाद को अपने गोतिया से जमीन विवाद चल रहा है। आशंका है कि भूमि विवाद में ही उसके नाती को मारकर नाले में डाल दिया गया है। मृतक को एक बड़ा भाई है। पिता पारा शिक्षक हैं। वे कतरास गए हैं जिस कारण वे वहां तक नहीं पहुंच सके थे। उच्चस्तरीय जांच की मांग:

पुलिस के अनुसार अनिश को हदहदवा की ओर एक बार खोजा गया था लेकिन उस समय वह नहीं मिला था। मृतक के दादा भगवान दास पांडेय व नाना संतोष पांडेय ने पुलिस से मांग की है कि दो दिनों तक अनिश कहां था। उसका मोबाइल अब कहां है और वह कहां गया था इसका डिटेल बताए। वहीं भाजपा नेता मनोज यादव ने पुलिस से इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पिकनिक मनाने आते हैं लोग

अनिश की जहां मौत हुई है वहां पर लोग नववर्ष में व अमूमन गर्मी के दिनों में नहाने व मनोरंजन करने आते हैं। चारों तरफ से यह पहाड़ व आकर्षक पत्थरों से घिरा हुआ है। घटनास्थल के बगल में राणाडीह गांव है। उसकी मौत को लेकर लोग तरह तरह की बातें बोल रहे हैं। कह रहे हैं कि अनिश अकेले हदहदवा नाला की ओर क्यों जाएगा। यदि गया तो कुछ दूर पर मृतक का कपड़ा व चप्पल कैसे मिला?

chat bot
आपका साथी