टीकाकरण के लिए शहर से गांव तक चला अभियान

गिरिडीह कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण जरूरी है। इसी उद्देश्

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 08:48 PM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 08:48 PM (IST)
टीकाकरण के लिए शहर से गांव तक चला अभियान
टीकाकरण के लिए शहर से गांव तक चला अभियान

गिरिडीह : कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर शुक्रवार को जिलेभर में प्रशासन ने अभियान चलाया। शहर से लेकर गांव तक पूरा प्रशासनिक महकमा इस अभियान में लगा रहा।

अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट कैंपस में निश्शुल्क कोविड जांच शिविर भी लगाया गया था। शुक्रवार को केंद्र की उप महापौर प्रकाश सेठ पहुंचे। उनके साथ टीका लेने भाजपा के संजीत सिंह और उनके सहयोगी भी आए थे। उप महापौर ने टीकाकरण की व्यवस्था का पूरा जायजा लिया।

इधर वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधीन रह रही पर्यावरण समिति के सदस्य राजकुमार राज ने विश्व पर्यावरण दिवस पर अपील की है।

गांडेय : पुराना पंचायत भवन स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में शुक्रवार को प्रखंड प्रशासन ने वैक्सीन के प्रति जागरूकता को लेकर जेएसएलपीएस की महिला समूह के साथ बैठक की। बीडीओ हरि उरांव व सीओ सफी आलम ने संयुक्त रूप से कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन बहुत कारगर है। उन्होंने सभी से वैक्सीन लेने की अपील की। साथ ही समूह की सदस्यों को गांव गांव में जाकर लोगों को वैक्सीन के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रदीप बैठा ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। यह कोरोना से रोकथाम में कारगर है। जेएसएलपीएस के बीपीएम धीरेंद्र मोहन योध्धेय, प्रखंड समन्वयक प्रवीण कुमार, दशरथ दास, सरिता कुमारी, पार्वती देवी, दिव्या कुमारी, मुन्नी कुमारी, ममता देवी, शारदा कुमारी, ललिता देवी समेत 15 पंचायत समूह की सक्रिय महिला सदस्य शामिल थीं।

पीरटांड़: शुक्रवार से विभिन्न केंद्रों पर शुरू इस अभियान को सफल बनाने के लिए जहां बीडीओ दिनेश कुमार ने मुखियों के साथ बैठक कर उन्हें कई टास्क दिए। बीडीओ दिनेश कुमार, बीपीओ दीपक कुमार व बीपीएम सरिता कुमारी ने कई टीकाकरण शिविरों का निरीक्षण किया।

देवरी: कोविड के वैक्सीनेशन को लेकर बीडीओ इंद्रलाल ओहदार की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड के निवर्तमान मुखियों के साथ बैठक की। इसमें 45 वर्ष से उपर के छूटे हुए लोगों को वैक्सीन दिलवाने में सहयोग करने सहित कई महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा की गई। मौके पर बीपीएम अमित कुमार, निवर्तमान मुखिया उषा कुमारी, राजेन्द्र नारायण देव, रामचंद्र वर्मा, श्याम रविदास, लीलावती देवी आदि मौजूद थे।

तिसरी: स्वास्थ्य विभाग के कर्मी कई टीम बनाकर व गांव गांव जाकर टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। एक मोबाइल वाहन भी इस कार्य में लगा है जिसमें सहिया अहम भूमिका निभा रही हैं। जिला कुष्ठ पदाधिकारी, वीवीडी मुकेश कुमार, बीडीओ सुनील प्रकाश व सीओ असीम बारा ने क्षेत्र भ्रमण कर लोगों के मन में बैठी भ्रांतियों को दूर करने को उनसे संपर्क साधा।

जमुआ : मिर्जागंज स्थित लिलिया देवी माहुरी धर्मशाला में वैक्सीन शिविर लगाया गया था, लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी कोई वैक्सीन लेने नहीं आया। स्थिति का पता चलने पर बीडीओ बिनोद कुमार कर्मकार एवं चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश कुमार दूबे कैंप में पहुंचे। लोगों को नहीं आते देख उनलोगों ने बाजार में घूमने का निर्णय लिया। स्थानीय चिकित्सक और समाजसेवियों के साथ वे लोगों को समझाने निकले। बीडीओ, चिकित्सा पदाधिकारी, स्थानीय चिकित्सक डॉ. यू कुमार, स्वयंसेवी संस्था के सचिव बिजय कुमार चौरसिया, नवीन गुप्ता, हीरामन राम, संतोष कुमार इत्यादि ने लोगों को घर घर जाकर समझाया। सभी को बताया कि वैक्सीन लेना क्यों आवश्यक है। तब जाकर लोगों ने समझा। शुरू में कुछ लोग आए और फिर एक दूसरे को देखते देखते लोगों का हुजूम सा उमड़ पड़ा। हालांकि समय ज्यादा हो जाने के कारण 130 लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकी।

गावां : बीडीओ मधु कुमारी ने पंचायतों में लगे कोरोना वैक्सीनेशन कैंप का निरीक्षण शुक्रवार को किया। कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण कैंप प्रखंड के मंझने, बिरने तथा पसनोर पंचायत भवन में लगाया गया था। यहां कुल 155 लोगों ने टीका लगवाया। इन तीनों केंद्रों पर जाकर बीडीओ ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कोरोना से बचाव को टीकाकरण में भाग लेने पर जोर दिया।

इधर बिरने पंचायत भवन में शुक्रवार को मो. हाशिम नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी कुरैशा खातून के साथ पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से भी कोरोना का टीका लगवाने की अपील की। मो. हाशिम ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे कोरोना का टीका जरूर लगवाएं। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है।

chat bot
आपका साथी