पानी और टंकी दोनों है मौजूद, फिर भी प्यासे हैं लोग

सरिया (गिरिडीह) सरिया बाजार के लोगों की प्यास बुझाने के लिए झारखंड सरकार की ओर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 05:54 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 05:54 PM (IST)
पानी और टंकी दोनों है मौजूद, फिर भी प्यासे हैं लोग
पानी और टंकी दोनों है मौजूद, फिर भी प्यासे हैं लोग

सरिया (गिरिडीह): सरिया बाजार के लोगों की प्यास बुझाने के लिए झारखंड सरकार की ओर से लगभग नौ करोड़ की लागत से वर्ष 2007 में पेयजल आपूर्ति योजना की स्वीकृति दी गई थी। काफी मशक्कत और लंबे इंतजार के बाद यह योजना धरातल पर उतरी और लोगों को कई वर्षो तक इससे पेयजल आपूर्ति की सुविधा दी जाने लगी। हाल के दिनों में उक्त योजना के तहत बराकर नदी से पानी की निकासी के लिए बनाए गए कुएं में बालू भर जाने से पूरी तरह से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इस कारण बीते छह माह से सरिया बाजार के लोगों को पेयजल की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इधर गर्मी अपने चरम सीमा तक पहुंचकर अपना प्रभाव दिखाने लगा है। इसके परिणामस्वरूप लोगों के जलस्राोतों का जलस्तर काफी नीचे चला गया है। लोगों को अब पानी की चिता काफी सताने लगी है। संबंधित विभाग की ओर से इस दिशा में कोई पहल भी नहीं होती देख अब लोग आंदोलन के मूड में भी दिखने लगे हैं।

-क्या कहते हैं पेयलज आपूर्ति विभाग के अधिकारी : पेयजल आपूर्ति विभाग के कनीय अभियंता एसझा ने बताया कि उक्त योजना के तहत बराकर नदी में बने इंटेक वेल में बालू जमा हो जाने के कारण पेयजल आपूर्ति का कार्य बाधित है। मेरा विभाग इसमें कोई काम नहीं करवा सकता है चूंकि नगर पंचायत बनने के बाद उक्त योजना बड़की सरिया नगर पंचायत को हस्तांतरित की जा चुकी है। नियमत: इसमें अब नप को ही काम करना है।

क्या कहते हैं नप के प्रबंधक : सरिया नगर पंचायत के प्रबंधक विशाल सिन्हा की मानें तो पेयजल विभाग ने कोई लिखित कागजात या सामान नहीं दिया है। वे लोग केवल टालमटोल में लगे रहते हैं। ऐसे में नगर पंचायत कैसे क्या कर सकती है।

क्या कहते हैं सरियावासी : पेयजल आपूर्ति विभाग और नगर पंचायत विभाग दोनों ने सरिया बाजारवासियों को छलने का काम किया है। एक ओर आज तक सरिया बाजार के एफसीआइ रोड में आज तक पानी की आपूर्ति नहीं की गई। वहीं नप कार्यालय भी लोगों से लगातार टैक्स ले रहा है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है।

संदीप तरवे, सरिया बाजार।

-गर्मी पूरी तरह दस्तक दे उसके पहले विभाग सरिया बाजार में पेयजल आपूर्ति सेवा बहाल करे अन्यथा लोग विभाग के प्रति सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। अगर बाजार के लोग समय पर सरकार को टैक्स देते हैं तो सुविधा भी समय पर मिले।

-संदीप अग्रवाल, सरिया बाजार।

अप्रैल माह की गर्मी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अगर विभाग सरिया बाजार में जलमीनार के माध्यम से आपूर्ति सुविधा दिन में दो बार उपलब्ध नहीं कराता है तो स्थिति विकराल होगी। लोगों के गुस्से का शिकार होने के लिए विभाग के लोग तैयार रहें।

अशोक शर्मा, सरिया।

सरकार के पास जनहित में नई योजना को धरातल पर उतारने को लेकर कोई विजन नहीं दिख रहा है। दो विभागों के आपस में लड़कर जनहित के लिए जरूरी पेयजल आपूर्ति से खिलवाड़ करना बड़ी ही शर्मनाक बात है। विभाग जल्द सक्रिय होकर पुरानी पेयजल आपूर्ति चालू करें अन्यथा संबंधित दोषी अधिकारी की शिकायत मुख्यमंत्री एवं राज्य सचिव से की जाएगी।

संजय मोदी, सरिया।

chat bot
आपका साथी