झारखंड में माफिया और कालाबाजारी चला रहे सरकार : रघुवर

गिरिडीह कोरोना महामारी में भी झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार का अवसर तलाश लिया है। यह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Jul 2021 06:39 PM (IST) Updated:Fri, 02 Jul 2021 06:39 PM (IST)
झारखंड में माफिया और कालाबाजारी चला रहे सरकार : रघुवर
झारखंड में माफिया और कालाबाजारी चला रहे सरकार : रघुवर

गिरिडीह : कोरोना महामारी में भी झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार का अवसर तलाश लिया है। यहां लूट का माहौल बना दिया गया है। सत्ता के संरक्षण में जल, जंगल और जमीन की लूट हो रही है। गिरिडीह के विधायक भी इससे अछूता नहीं हैं। राज्य सरकार का एकमात्र उद्देश्य लूटना है। ट्रांसफर-पोस्टिग का खेल चल रहा है। भ्रष्टाचार में सीएमओ संलिप्त है। झारखंड में माफिया और कालाबाजारी सरकार चला रहे हैं। ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कही।

वह शुक्रवार को हरिचक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में कोविड-19 चुनौती विषय पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब कोरोना महामारी से पूरा विश्व जूझ रहा था। अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देश अपने नागरिकों की रक्षा नहीं कर पा रहे थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महत्वूपर्ण निर्णय लेकर देश को सुरक्षित किया। साथ ही विदेशों की भी मदद की। आजाद भारत में पीपीई किट का निर्माण नहीं हो रहा था, लेकिन कोरोना महामारी में अपने यहां इसका निर्माण शुरू हुआ। अब भारत इसमें आत्मनिर्भर होकर इसका निर्यात भी कर रहा है। 400 से अधिक ट्रेनों के माध्यम से पूरे देश में आक्सीजन की आपूर्ति की गई। दुनिया के 195 देशों में से पांच ऐस देश हैं, जिन्होंने कोरोना से लड़ने से लिए वैक्सीन तैयार किया। भारत भी उनमें से एक है। महज सात-आठ महीने में भारत में दो-दो वैक्सीन तैयार कर लिए गए, यह पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है। कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने टीकाकरण को लेकर भ्रांतियां फैलाकर लोगों की जान से खिलवाड़ किया है, लेकिन लोग अब सच्चाई समझ चुके हैं। लोग टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं। पूरे देश में अब तक 33 करोड़ लोगों का टीकाकरण हो चुका है। राहुल गांधी के जुलाई आ गया वैक्सीन कहां है, संबंधी ट्वीट पर दास ने कहा कि पता नहीं राहुल गांधी कहां रहते हैं, जो इस तरह के सवाल करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के माध्यम से विरोधियों की साजिश का पर्दाफाश करने की बात कही।

पूर्व सीएम ने कोरोना काल में पीड़ितों और जरूरतमंदों की सेवा करने के लिए कार्यकर्ताओं की सरहना की। कहा कि जब सभी दलों के लोग कोरोना के डर से छिपे हुए थे तब भाजयुमो जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जरूरतमदों की काफी मदद की है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महामारी से बचाव के लिए प्रधानमंत्री ने काफी सजग और चौकन्ना होकर काम किया। भाजपा के सभी कार्यकर्ता भी लोगों की सेवा में जुटे रहे। कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन है कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। हमारा लक्ष्य केवल सत्ता में आना नहीं, बल्कि जनसेवा करना है। इसे आप सभी ने दिखा दिया। कोरोना से बचने का एकमात्र उपाय वैक्सीन है। सभी को वैक्सीन लेना है। मांडू विधायक जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि कोविड काल में भी प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी अलग पहचान बनाई है। दो-दो वैक्सीन लाकर जनता को सुरक्षा देने का काम किया है। भाजपा हमेशा देश के बारे में सोचती है। जमुआ विधायक केदार हाजरा ने कहा कि झारखंड सरकार झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। यह झारखंड को पीछे ले जा रही है। झामुमो कांग्रेस के पैटर्न पर चल रहा है।

मौके पर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, जय प्रकाश वर्मा, नागेंद्र महतो, लक्ष्मण स्वर्णकार, निवर्तमान मेयर सुनील पासवान, उप मेयर प्रकाश राम, दिलीप वर्मा, पूर्व आइजी सह भाजपा नेता लक्ष्मण प्रसाद सिंह, चुन्नूकांत, जाकिर हुसैन खान, रंजीत कुमार राय, डॉ. राजेश पोद्दार, रंजीत राय आदि उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत :

गिरिडीह जाने के क्रम में पपरवाटांड़ के पास कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम रघुवर दास एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी का स्वागत किया। निवर्तमान जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, विनय सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिेनेश यादव,रंजन सिन्हा, दारा हाजरा, महेश राम, सुरेश मंडल, उमेश दास, इरफान अंसारी आदि ने उनका स्वागत किया।

chat bot
आपका साथी