लक्ष्मीबथान पहुंचे मरांडी, सूरजी के स्वजनों से मिले

संवाद सहयोगी गावां (गिरिडीह) सूरजी मरांडी की मौत के 13 दिन बाद बाद गुरुवार को झारखं

By JagranEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 07:14 PM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 07:14 PM (IST)
लक्ष्मीबथान पहुंचे मरांडी, सूरजी के स्वजनों से मिले
लक्ष्मीबथान पहुंचे मरांडी, सूरजी के स्वजनों से मिले

संवाद सहयोगी, गावां (गिरिडीह) : सूरजी मरांडी की मौत के 13 दिन बाद बाद गुरुवार को झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी लक्ष्मीबथान गांव पहुंचे। वहां उन्होंने मृतका के स्वजनों से मिलकर सांत्वना दी। साथ ही, मदद का भरोसा दिया।

चारपहिया वाहन ने दे दिया जवाब :

गावां-तीसरी के सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्र में स्थित है लक्ष्मीबथान गांव। वहां जाने के लिए गावां से मरांडी समेत भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता निकले। गावां-बरमसिया पथ से भंडेश्वर पहाड़ जाने वाली सड़क में कुछ दूर जाने के बाद चारपहिया वाहन को वहीं रोक देना पड़ा। मरांडी समेत सभी सुरक्षा कर्मी व कार्यकर्ता बाइक से ही लक्ष्मीबथान गांव तक पहुंचे। पहाड़ी रास्ता इतना खराब था कि रास्ते में दो लोग एक साथ बाइक पर जा नहीं सकते थे। कई जगहों पर उतरकर पैदल भी जाना पड़ा।

प्रसव के बाद हुई थी जच्चा-बच्चा की मौत : मालूम हो कि लक्ष्मीबथान गांव सुनील टुडू की गर्भवती पत्नी सूरजी मरांडी को गत 26 फरवरी को टांगकर प्रसव कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां लाया जा रहा था। बीच रास्ते में ही सूरजी ने एक बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के कुछ देर बाद रास्ते में ही नवजात की मौत हो गई थी। सुरजी की भी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। रास्ते में वह बार-बार बेहोश हो रही थी। अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद सुरजी की भी मौत हो गई थी। सुरजी के पति का कहना था कि अगर सड़क होती तो उसकी पत्नी और बच्ची दोनों जीवित होती। मृतका के ससुर कान्हू टुडू ने मरांडी से दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि इस गांव में सड़क और पानी की बहुत दिक्कत है। अगर सड़क बनी होती तो बहु का सही समय पर इलाज हो गया होता, जिससे उसकी जान बच जाती। मरांडी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उपायुक्त से मिल कर इस गांव की सभी समस्याओं से अवगत कराएंगे। जितनी जल्दी हो सके सड़क बनवाने का काम करेंगे। कुआं, आंगनबाड़ी केंद्र समेत सभी सुविधा यहां के ग्रामीणों को जल्द से जल्द मिलेगी। इसके लिए वह प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह भी पहली बार लक्ष्मीबथान गांव आए हैं। यहां सुविधाओं का अभाव है। सड़क के अभाव में सूरजी की मौत हो गई। घटना अत्यंत ही दुखद है। वह यहां सड़क, आंगनबाड़ी केंद्र, कुंआ आदि का निर्माण के लिए उपायुक्त को पत्र लिखेंगे।

मौके पर श्रीराम यादव, भगवान दास बरनवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंकज सिंह, उदय साव, आयुष सिन्हा, ललित पांडेय, बनारस सिंह, देवान मरांडी, रामचन्द्र ठाकुर, बबलू साहा, मुन्ना सिंह, अमरदीप निराला आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी