कोदाईबांक से अपने वोटरों को साध गए बाबूलाल

दिलीप सिन्हा गिरिडीह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी लगातार 14 दिनों तक अपने पैतृ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 05:50 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 05:50 PM (IST)
कोदाईबांक से अपने वोटरों को साध गए बाबूलाल
कोदाईबांक से अपने वोटरों को साध गए बाबूलाल

दिलीप सिन्हा, गिरिडीह : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी लगातार 14 दिनों तक अपने पैतृक गांव तिसरी के कोदाईबांक में कैंप कर राजधनवार विधानसभा क्षेत्र के अपने वोटरों को साध गए हैं। बाबूलाल चार जून को रांची से सीधे अपने कोदाईबांक स्थित आवास पहुंचे थे। इस दौरान वे एक बार भी गिरिडीह जिला मुख्यालय नहीं गए। तिसरी के लोकाय में 14वें दिन खेत में धरना देने के बाद बाबूलाल शुक्रवार की शाम रांची लौट गए। इस 14 दिन के दौरान बाबूलाल ने प्रदेश की राजनीति से दूर रहकर अपने वोटरों को साधने का काम किया। इसके लिए बुधवार को रांची में प्रदेश भाजपा के जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में भी भाग लेने नहीं गए। बाबूलाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के वोटरों की समस्याओं को लेकर बीडीओ, सीओ, थानेदार, एसपी, डीसी से लेकर मुख्य सचिव तक से फोन पर बातचीत कर समाधान की कोशिश की। यह बाबूलाल के ही दबाव का असर था कि गावां थाना पुलिस को कब्र में दफन हो चुके दो युवा भाइयों की हत्या के मामले को संज्ञान में लेना पड़ा। हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उनमें से एक भाई के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराना पड़ा। गावां के जमडार में दो युवा भाई 24 वर्षीय विकास मोदी व 17 वर्षीय आकाश मोदी की रहस्यमय परिस्थिति में एक ही तरह से तीन जून को मौत हो गई थी। आरोप था कि बहन, बहनोई व उसके पिता ने अपने घर पर बुलाकर उसे पार्टी दी और खाने में जहर खिलाकर हत्या कर दी। पारिवारिक मामला होने के कारण समझौते का प्रयास हुआ। गावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यह कहकर लौट गई कि किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है। दो युवा भाइयों की संदिग्ध हालत में मौत का मामला होने के बावजूद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराना भी जरूरी नहीं समझा। संयोग से दोनों में एक शव को दफनाया गया था। एक का दाह संस्कार हुआ था। बाबूलाल कोदाईबांक से सात जून को पीड़ित के घर जमडार पहुंचे। मृतक युवकों के पिता राजेंद्र मोदी ने बाबूलाल को पूरी बात बताई। इसके बाद बाबूलाल ने वहीं से एसपी अमित रेणु से मोबाइल पर बात की। बाबूलाल ने मामले की जांच कराने को कहा। इसके साथ ही पुलिस रेस हो गई। तुरंत पिता की शिकायत पर उसकी बेटी, दामाद एवं समधी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज हुई। तिसरी के भाजपा कार्यकर्ता संजीत कुमार ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र से रोज कार्यकर्ता यहां लोगों की समस्याओं को लेकर पहुंचते थे। बाबूलाल ने संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर बात कर कई समस्याओं को सलटाया। संजीत ने बताया कि बाबूलाल के कैंप करने से उनके विधानसभा क्षेत्र के वोटरों के साथ भाजपा कैडर भी खुश हैं। इधर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य सुरेश साव ने बताया कि बाबूलाल बड़े नेता हैं। उन्हें पूरे प्रदेश में जाना पड़ता है। इस कारण अपने विधानसभा क्षेत्र में वे पर्याप्त समय नहीं दे पाते हैं। इसे लेकर प्रतिद्वंदी उन पर निशाना साधते थे। बाबूलाल ने लगातार कैंप कर इस शिकायत को दूर कर दिया है।

chat bot
आपका साथी