खेल में सीमा तोड़ी तो पलट गई बाजी

संवाद सहयोगी अहिल्यापुर (गिरिडीह) मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने के दौरान महाराष्ट्र क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 08:58 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 08:58 PM (IST)
खेल में सीमा तोड़ी तो पलट गई बाजी
खेल में सीमा तोड़ी तो पलट गई बाजी

संवाद सहयोगी, अहिल्यापुर (गिरिडीह) : मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने के दौरान महाराष्ट्र की एक नाबालिग लड़की की दोस्ती झारखंड के गिरिडीह जिले के उदनाबाद के युवक लालू प्रसाद वर्मा से हो गई। दोस्ती इस कदर बढ़ी कि दोनों मिलने के लिए व्याकुल हो गए। फिर क्या था, युवक अपने दोस्त विकास तुरी के साथ ट्रेन से लड़की से मिलने महाराष्ट्र के बुलढाणा थाना क्षेत्र के मलकापुर शहर पहुंच गया और वहां से लड़की को अपने साथ उदनाबाद ले आया। वहां उसे अपनी बहन के घर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के देवपुर में लाकर रख दिया।

इधर लड़की के लापता होने पर उसके स्वजन काफी परेशान थे। काफी खोजबीन की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। 27 नवंबर को महाराष्ट्र के बुलढाणा थाना में मामला दर्ज करवाया। छानबीन में पता चला कि लड़की अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के देवपुर में है। गुप्त सूचना पर अहिल्यापुर की पुलिस देवपुर पहुंची और वहां से लड़की को बरामद कर लिया। इसके बाद लड़की के स्वजनों को इसकी सूचना दी गई। लड़की के साथ लालू प्रसाद वर्मा और विकास तुरी को भी हिरासत में लिया गया है।

बताते चलें कि 25 नवंबर को युवक अपने दोस्त के साथ महाराष्ट्र गया था और 29 नवंबर को लड़की को अपने साथ गांव ले आया था। इधर अहिल्यापुर थाना में कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों युवकों लालू वर्मा और विकास तुरी को महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया। दोनों को स्थानीय पुलिस के सहयोग से न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर महाराष्ट्र पुलिस दोनों अपने साथ ले जाने की प्रक्रिया में जुटी है। नाबालिग लड़की के स्वजन भी गिरिडीह पहुंच चुके थे।

अहिल्यापुर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया गया है और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर न्यायालय भेज दिया गया है। बताया कि अपने बच्चों को आनलाइन पढ़ाई के क्रम में उनपर पैनी निगाह रखें। अभिभावक बच्चों को मोबाइल का दुरुपयोग करने से बचाएं। इसी फ्री फायर गेम के कारण यह घटना घटित हुई है।

chat bot
आपका साथी