बेंगाबाद में पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत

बेंगाबाद (गिरिडीह) शादी समारोह में भाग लेने गए एक 36 वर्षीय युवक की मौत सड़क हादसे में

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 12:23 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 12:23 AM (IST)
बेंगाबाद में पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत
बेंगाबाद में पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत

बेंगाबाद (गिरिडीह): शादी समारोह में भाग लेने गए एक 36 वर्षीय युवक की मौत सड़क हादसे में घटनास्थल पर ही हो गई। घटना गिरिडीह महेशमुंडा पथ पर बघरा दिधरियाखुर्द के पास घटी। पुलिस ने शव गिरिडीह सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि मोतीलेदा के बरमसिया टोले के चितामणि राणा का पुत्र अशोक राणा मोतीलेदा के एक दोस्त की शादी में भाग लेने रात्रि में मोतीलेदा से इनोवा कार से लगभग छह लोगों के साथ बघरा गया था। शादी में खाना खाने के बाद वे लोग उक्त वाहन से गिरिडीह आ गए थे। पुन; शादीस्थल पर लौटने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इससे अशोक राणा की मौत घटनास्थल पर हो गई। हालांकि स्थानीय प्रधान के पति राजेश गोप, जदयू नेता सरयू गोप सहित अन्य ग्रामीणों की पहल पर 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे इलाज को गिरिडीह के सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह अपने पिता का एकलौता पुत्र था। चितामणि की बेटियों की शादी पूर्व में ही हो चुकी थी। उसकी पत्नी का भी देहांत हो चुका था। वृद्ध पिता का अशोक ही सहारा था। अशोक दिल्ली में मजदूरी कर परिवार चला रहा था। लॉकडाउन की वजह से वह घर आया था और दस जून को पुन: दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा था। मृतक की पत्नी मीना देवी उसके दो पुत्र अजीत व आनंद का रो रोकर बुरा हाल है।

कार और बाइक की टक्कर में तीन घायल, एक गिरफ्तार

निमियाघाट (गिरिडीह): डुमरी बेरमो पथ पर पोरदाग पुल के पास शुक्रवार की रात्रि कार एवं बाइक में टक्कर हो गई। इससे बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार टक्कर मारने के बाद तेज गति से भगाने लगा। उस दौरान भूतनाथ मंदिर के पास बाइक से पीछा कर कार को पकड़ लिया गया एवं उसके चालक की जमकर धुनाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बताया जाता है कि कार गिरिडीह से रांची जा रही थी। घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र की है। निमियाघाट थाना पुलिस को घटना की जानकारी होते ही घटनास्थल पर पहुंचकर चालक को इलाज को डुमरी रेफरल अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि खाकीखुर्द निवासी जिबरैल अंसारी बाइक पर भतीजी 12 वर्षीय सनम बानो एवं 15 वर्षीय जयबुन खातून को लेकर पोरदाग की ओर जा रहा था। पोरदाग पुल के पास कार से उसकी टक्कर हो गई। तीनों का इलाज पास के ही एक निजी अस्पताल में किया गया। कार में दो लोग सवार थे। कार बेगूसराय निवासी 35 वर्षीय शिव कुमार चौधरी चला रहा था, जबकि कार में बेगूसराय निवासी 24 वर्षीय गुलशन कुमार बैठा था। चालक का पीछा कर जमकर पिटाई की गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बेगूसराय निवासी गुलशन कुमार ने निमियाघाट थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। वहीं निमियांघाट पुलिस ने इस मामले में खाकीखुर्द निवासी अली मोहम्मद के 27 वर्षीय पुत्र सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद बाइक को निमियाघाट थाना पुलिस जब्त कर थाने ले आई है। गुलशन कुमार ने थाना में आवेदन देकर खाखीखुर्द निवासी सद्दाम अंसारी, तासिर अंसारी, जाबिर अंसारी और खाखीकला निवासी इमाम अख्तर नूरी सहित 20-25 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ले इस मामले के एक नामजद आरोपित सद्दाम अंसारी को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी