चार घंटे की भारी बारिश से कई इलाकों में घुसा पानी

संवाद सूत्र श्री बंशीधर नगर(गढ़वा) बुधवार की अल सुबह करीब चार घंटे तक हुई भारी बारि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:11 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:11 PM (IST)
चार घंटे की भारी बारिश से कई इलाकों में घुसा पानी
चार घंटे की भारी बारिश से कई इलाकों में घुसा पानी

संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर(गढ़वा): बुधवार की अल सुबह करीब चार घंटे तक हुई भारी बारिश से पूरा जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश से जहां किसानों को फायदा हुआ है। वहीं लोगों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ा है। बांकी एवं लौंगा नदी रौद्र रूप में बह रही है। विभिन्न स्थानों पर इन नदियों पर बने पुल के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण विभिन्न गांवों का संपर्क भी अनुमंडल मुख्यालय से टूट गया है। नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर कार्यालय के ठीक सामने इस वर्ष निर्मित पुल के पूरब में सूर्य मंदिर तथा नगर गढ़ के किला को प्रोटेक्ट करने वाला गार्ड वाल क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे ऐतिहासिक सूर्य मंदिर एवं किला को नुकसान पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है। प्रखंड अंतर्गत कोलझिकी गांव में दो दर्जन से अधिक लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं खेत की जोताई कर रहा ट्रैक्टर भी बाढ़ में बह गया है। बारिश के कारण लोगों को खाने का भी संकट उत्पन्न हो गया है। लोगों के घरों में रखा गया सामान के साथ साथ खाने का अनाज पानी में डूब गया है। वहीं कई लोग बेघर भी हो गये हैं। यहां बताते चलें कि बुधवार की अहले सुबह से ही भारी बारिश हो रही थी जो करीब आठ बजे सुबह तक होती रही। बारिश के कारण कोलझिकी गांव में आफत आ गई है। गांव के भिर्गुन प्रजापति, दिनेश्वर प्रजापति, मानदेव प्रजापति, मुरली प्रजापति, परमेश्वर प्रजापति, केश्वर प्रजापति, मानमती देवी, इंद्रावती देवी, गीता देवी, सुनैना देवी, विक्रम राम, सुरेश राम, संजय कुमार भारती, अमरनाथ प्रजापति समेत कई लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं खेत मे जोताई कर रहे रमेश विश्वकर्मा का ट्रैक्टर अचानक आई बाढ़ के कारण बह गया है। बारिश होने के कारण किसान हल बैल के साथ खेतों में उतर गये हैं। बाढ़ से पीड़ित लोगों ने कहा कि घर में रखा सारा सामान बर्बाद हो गया है। अब खाने के साथ साथ रहने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

उधर कुशडंड में बांध टूट गया है। जबकि बभनी में पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव का संपर्क अनुमंडल मुख्यालय से टूट गया है। बीडीओ अमित कुमार एवं थाना प्रभारी पंकज कुमार तिवारी ने कुशडंड एवं अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उस मौके पर जेई राजीव कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी