धान क्रय में अनियमितता की जांच के लिए कमेटी गठित

लीड------------- एसडीओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम कई बिंदुओं पर होगी जांच फोटो-1 स

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 05:08 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 05:08 PM (IST)
धान क्रय में अनियमितता की जांच के लिए कमेटी गठित
धान क्रय में अनियमितता की जांच के लिए कमेटी गठित

लीड-------------

एसडीओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम, कई बिंदुओं पर होगी जांच

फोटो-1

संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा):- धान क्रय केंद्र के गोदाम प्रबंधक सह क्रय अधिकारी दीपक चौबे की मनमानी के कारण किसान अपनी धान नहीं बेच पा रहे हैं। क्रय अधिकारी द्वारा व्यापारियों से गलत तरीके से सैकड़ों क्विटल धान क्रय कर अन्य निबंधित किसानों के आईडी पर खरीदे गए धान का समायोजन कर व्यापारियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। किसानों की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने जांच को लेकर कई बिदु निर्धारित कर जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन कर 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया है। जांच कमेटी में कार्यपालक दंडाधिकारी सह सीओ अजय तिर्की व बीडीओ अमित कुमार तथा अंचल अधिकारी सगमा सुनील कुमार का नाम शामिल है। एसडीओ ने कहा है कि विभिन्न माध्यमों से शिकायत प्राप्त हो रही है कि धान क्रय केंद्र में गोदाम प्रबंधक द्वारा किसानों से धान क्रय में काफी अनियमितता बरती जा रही है। किसानों को धान क्रय हेतु मैसेज भेजे जाने के बावजूद भी निर्धारित तिथि के बाद कई दिनों तक इंतजार कराया जा रहा है। जबकि अन्य व्यापारियों से प्रतिदिन अवैध तरीके से सैकड़ों क्विटल धान का क्रय किया जा रहा है एवं बाद में तीन-चार दिनों तक निबंधित किसानों के आईडी पर व्यापारियों से खरीदे गए धान का समायोजन करने की शिकायत प्राप्त हो रही है। साथ ही स्थानीय निबंधित किसानों से प्रति क्विटल 80 रुपये अवैध राशि की वसूली की जा रही है। किसानों से धान क्रय के पश्चात उन्हें धान अधिप्राप्ति का रसीद नहीं दिया जा रहा है। जिसे लेकर स्थानीय किसानों में काफी आक्रोश व्याप्त है।

इन बिदुओं पर होगी जांच

जांच कमेटी को निम्न बिदुओं पर जांच कर जांच प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को समर्पित करना है। जांच के बिदु गोदाम प्रबंधक धान क्रय केंद्र श्री बंशीधर नगर द्वारा व्यापारियों से गलत तरीके से सैकड़ों क्विटल धान क्रय कर अन्य निबंधित किसानों के आईडी पर खरीदे गए धान का समायोजन कर व्यापारियों को लाभ पहुंचाना, किसानों से प्रति क्विटल 80 रुपये नाजायज राशि की वसूली, प्रति बोरा 5 किलोग्राम धान की कटौती करना, धान क्रय किए जाने संबंधी पंजी की जांच, धान अधिप्राप्ति का रसीद जारी किए जाने की अद्यतन स्थिति व उसकी छाया प्रति, धान क्रय केंद्र में निबंधित किसानों को उनके निर्धारित क्रमानुसार मैसेज भेजे जाने एवं धान क्रय किए जाने की अद्यतन विवरणी तिथिवार, स्थानीय किसानों से राशि की वसूली करने के नियत से बिना किसी सूचना के सप्ताह में लगातार तीन-चार दिन धान क्रय बंद रखना और किसानों की भीड़ एकत्रित होने पर धान क्रय के लिए नाजायज राशि की वसूली करना, जूट के बोरा के दाम पर अवैध वसूली करना शामिल है।

जांच में धान क्रय केंद्र पाया बंद

जांच दल शुक्रवार को जब स्त्रोनत उच्च विद्यालय जतपुरा स्थित धान क्रय केंद्र पहुंचा तो क्रय केंद्र में ताला लटका हुआ था। गोदाम प्रबंधक सह क्रय अधिकारी दीपक चौबे बगैर किसी सूचना के किसानों से धान की खरीदारी बंद कर केंद्र से गायब पाए गए। एसडीओ द्वारा जांच के लिए निर्धारित बिदुओं पर जांच करने जांच दल में शामिल कार्यपालक दंडाधिकारी अजय कुमार तिर्की व सगमा के अंचल अधिकारी सुनील कुमार क्रय केंद्र पहुंचे थे।

chat bot
आपका साथी