भर गया गोदाम, आज से नहीं होगी खरीद

बंशीधर नगर (गढ़वा) श्री बंशीधर नगर के किसानों के लिए धान बेचना मुश्किल हो रहा है। एक बा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 06:07 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 06:07 PM (IST)
भर गया गोदाम, आज से नहीं होगी खरीद
भर गया गोदाम, आज से नहीं होगी खरीद

बंशीधर नगर (गढ़वा): श्री बंशीधर नगर के किसानों के लिए धान बेचना मुश्किल हो रहा है। एक बार फिर गोदाम भर जाने के कारण शुक्रवार से धान क्रय केंद्र पर धान की खरीद नहीं होगी। पहले ही काफी विलंब से प्रखंड में क्रय केंद्र खुला था। ऊपर से धान खरीद भी काफी सुस्त गति से हो रही है। केंद्र खुले करीब एक माह होने को है लेकिन अब तक मात्र 68 किसानों से 5,704 क्विटल ही धान की खरीद की जा सकी है। समय पर धान क्रय केंद्र नहीं खुलने के कारण काफी किसान पहले ही बिचालियों के हाथों औने-पौने दामों पर धान बेच चुके हैं। धान खरीद के बाद से अब तक गोदाम से धान का उठाव नहीं हुआ है। जिस कारण कारण गोदाम पूरी तरह से भर गया। गोदाम से धान उठाव नहीं होने का प्रमुख कारण गोदाम तक बड़े वाहन के आवागमन बाधित होना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गोदाम तक वाहनों के आवागमन के दो रास्ते हैं। एक परिसर के मुख्य गेट से दूसरा रेलवे क्रॉसिग के पास से। रेलवे क्रॉसिग के पास रेलवे द्वारा सड़क काफी उंची कर दी गई है। जिस कारण उस ओर से वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। वहीं दूसरे रास्ते में अनुमंडल कार्यालय के सामने सड़क के किनारे लगे पेड़ के कारण बड़े वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है। जिस कारण धान उठाव के लिए वाहन नहीं आ रहा है। जब तक उक्त रास्ते में दो तीन पेड़ नही काटे जाएंगे तब तक वाहनों का आवागमन संभव नहीं है। हालांकि केंद्र प्रभारी की सूचना पर अंचल पदाधिकारी द्वारा पेड़ काटने की कागजी प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। लेकिन कागजी प्रक्रिया पूर्ण होने में काफी समय लग सकता है। ऐसे में धान की खरीद प्रभावित रहेगी। श्री बंशीधर नगर में 1,010 निबंधित किसान हैं। जिसमें से अब तक 68 किसानों से ही धान की खरीद हुई है। जबकि 117 नंबर तक के किसानों को मैसेज भी भेजा जा चुका है।

पक्ष

गोदाम परिसर के रास्ते में पेड़ होने के कारण बड़ी वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। जिस कारण खरीदे गए धान का उठाव नहीं हो सका है। पेड़ काटने के लिए अंचल पदाधिकारी से आग्रह किया गया है। पेड़ कटने के बाद ही गोदाम तक गाड़ियों का आवागमन हो सकेगा। गोदाम से धान का उठाव होने के पश्चात धान की खरीद प्रारंभ हो जाएगी। दीपक चौबे, क्रय केंद्र प्रभारी,

श्री बंशीधर नगर।

chat bot
आपका साथी