डीलर ने किया लाभुकों के साथ मारपीट, विरोध में सड़क जाम

संवाद सूत्र रमकंडा (गढ़वा) बुधवार को राशन वितरण करने पहुंचे मंगराही गांव के राशन डीलर ने पिटाई की।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 07:10 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 07:12 PM (IST)
डीलर ने किया लाभुकों के साथ मारपीट, विरोध में सड़क जाम
डीलर ने किया लाभुकों के साथ मारपीट, विरोध में सड़क जाम

संवाद सूत्र, रमकंडा (गढ़वा) : बुधवार को राशन वितरण करने पहुंचे मंगराही गांव के राशन डीलर देवलाल राम ने नशे में धुत होकर महिला राशन लाभुकों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना के बाद आक्रोशित लाभुकों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर थाना के समीप रमकंडा-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना के बाद पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद सड़क जाम में शामिल लाभुकों ने डीलर पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग पर प्रखंड कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। बीडीओ सह आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा के समझाने के बाद धरना समाप्त किया। इसके पूर्व सड़क जाम करने गांव से प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे लाभुकों को राशन डीलर की भाभी द्वारा अपशब्द कहे जाने को लेकर ग्रामीणों के साथ तू तू मैं मैं हो गई। बाद में समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। जानकारी के अनुसार बुधवार को राशन डीलर ने ग्रामीणों को गांव के ही विद्यालय परिसर में राशन लेने के लिए बुलाया था। इस दौरान लाभुकों के विद्यालय परिसर में पहुंचने के बाद डीलर ई पाश मशीन लाने की बात कहकर वापस चला गया। लाभुक अमृता देवी, सुनरकलिया देवी, कलावती देवी ने आरोप लगाया कि मशीन लाने की बात कहकर राशन डीलर बेलवादामर गांव में जाकर शराब पीने लगा। शराब पीकर घंटो बाद वापस लौटने पर राशन वितरण किए जाने की बजाय उसने लाभुकों को पूर्व में एमओ के पास उसके खिलाफ शिकायत किए जाने की बात कहकर बीडीओ सह आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा के यहां जाकर राशन लेने की बात कह दी। इसी बात पर लाभुक आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। वहीं डीलर ने महिला लाभुकों के साथ मारपीट भी किया। प्रखंड कार्यालय पहुंचे लाभुक शांति देवी,नीरपति देवी, इंदरदेव सिंह, कुलदीप सिंह, कृष्ण सिंह, बगेस्वर सिंह, रामकांत राम, देवनाथ राम ने आरोप लगाया कि उक्त डीलर अक्सर शराब के नशे में धुत रहता है। जानकारी के अनुसार इस मामले में ग्रामीणों ने डीलर द्वारा गालीगलौज किए जाने के साथ ही मारपीट किए जाने के मामले में रमकंडा थाने में आवेदन भी दिया है तथा कार्रवाई की मांग की है।

chat bot
आपका साथी