डेथ सर्वे संबंधी फार्म भरकर जल्द से जल्द कराएं उपलब्ध: उपायुक्त

संवाद सहयोगी गढ़वा उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से मंगलवार को समीक्षा बैठक की।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 05:48 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 05:48 PM (IST)
डेथ सर्वे संबंधी फार्म भरकर जल्द से जल्द कराएं उपलब्ध: उपायुक्त
डेथ सर्वे संबंधी फार्म भरकर जल्द से जल्द कराएं उपलब्ध: उपायुक्त

संवाद सहयोगी, गढ़वा : उपायुक्त, राजेश कुमार पाठक ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से मंगलवार को सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा सिविल सर्जन के साथ आनलाइन बैठक की। इसमें उन्होंने डेथ सर्वे, वैक्सीनेशन व कोविड जांच संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर ग्राम स्तर पर सर्वे किया गया है। जिसके तहत सभी तरह की मृत्यु की समीक्षा की गई। सर्वे में जिले में कुल 678 मृत्यु होने की पुष्टि हुई है। जिसे राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। डीसी ने पदाधिकारियों को जल्द से जल्द डेथ सर्वे से संबंधित प्रपत्र भरकर जमा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को इस पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को फिजिकल वेरिफिकेशन करते हुए मृत्यु के कारण, समय, स्थान समेत अन्य डिटेल के साथ रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वे के कार्य में यदि कोई गांव छूट गया है तो ऐसे में प्रखंड विकास पदाधिकारी टीम भेजकर सर्वे कराएं तथा सर्वे के उपरांत उसकी डिटेल रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में वैक्सीनेशन व कोविड जांच पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी कोविड जांच में तेजी लाएं, जिले में जांच का अनुपात असंतोषजनक है। अनुमंडल पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख हाट बाजार, चेक पोस्ट पर जांच टीम बनाकर जांच कराएं। इसके अलावा टीकाकरण में तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त राजेश कुमार पाठक, उप विकास आयुक्त सत्येंद्र नारायण उपाध्याय, सिविल सर्जन डा. कमलेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा चंद्रजीत सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी आदि शामिल हुए।

chat bot
आपका साथी