हेमंत सोरेन अपने रिश्तेदार को ही बना दें नेता प्रतिपक्ष: बाबूलाल मरांडी

संवाद सहयोगी गढ़वा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को यदि कोई भी व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष के रूप में पसंद

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 06:28 PM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 06:28 PM (IST)
हेमंत सोरेन अपने रिश्तेदार को ही बना दें नेता प्रतिपक्ष:  बाबूलाल मरांडी
हेमंत सोरेन अपने रिश्तेदार को ही बना दें नेता प्रतिपक्ष: बाबूलाल मरांडी

संवाद सहयोगी गढ़वा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को यदि कोई भी व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष के रूप में पसंद नहीं है तथा उन्हें कोई योग्य नजर नहीं आ रहा है तो वह अपने किसी रिश्तेदार को ही नेता प्रतिपक्ष बना दें। क्योंकि उनके परिवार में विधायकों की कमी नहीं है । भाई भाभी समेत कई लोग विधायक हैं। उनमें से ही किसी का चयन नेता प्रतिपक्ष के रूप में कर दें। उक्त बातें भाजपा विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को गढ़वा परिसदन भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है। स्थिति ऐसी उत्पन्न हो गई है कि भ्रष्टाचारी को पकड़ने के लिए पहुंची एसीबी की टीम के साथ ही मारपीट की जाती है तथा भ्रष्टाचारी बच जाता है। राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। पुलिस पदाधिकारियों को वसूली में लगा दिया गया है। खनिजों की चोरी कराई जा रही है। मंत्री से लेकर संतरी तक सब भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं।

बालू की लूट में मंत्री की संलिप्तता भी सामने आ रही है। यह सब हिम्मतवाली हेमंत सरकार में ही संभव है। चोरी और वसूली के नए-नए तरकीब खोजे जा रहे हैं। दो साल में इस सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया। लोगों को रोजगार देने की बजाय उन्हें नौकरी से हटाया जा रहा है। अनुबंध कर्मियों का भी विस्तार नहीं हुआ। यहां अराजक स्थिति है। सहायक पुलिसकर्मी आंदोलन कर रहे हैं तो उन्हें भी प्रताड़ित किया जा रहा है। आंदोलन स्थल की बिजली काट दी जा रही है तथा शौचालय भी बंद कर दिए जा रहे हैं। किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा। अब किसान चितित हैं कि नई फसल कहां बेचेंगे। राज्य में अपराध अपहरण, चोरी, डकैती का धंधा चल निकला है।

पत्रकार वार्ता में आदित्य साहू, बालमुकुंद सहाय, सांसद विष्णु दयाल राम, विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, अलखनाथ पांडे ,राजीव राज तिवारी ,संतोष दुबे ,सुरेंद्र विश्वकर्मा, रिकू तिवारी ,जवाहर पासवान ,सूरज गुप्ता ,राजकुमार मद्धेशिया आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी