100 दिन बाद प्रतिबंधित कफसिरप के दो सौदागर हिरासत में

नगर थाना की पुलिस ने ठीक एक सौ दिन के बाद जिले में प्रतिबंधित कफसिरप के अवैध कारोबार में संलिप्त दो सौदागर को मंगलवार को धर दबोचा। हिरासत में आए पटवारी गली के अनूप गुप्ता व दुधानी के सूरज गुप्ता से पूछताछ की जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 07:30 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 07:30 PM (IST)
100 दिन बाद प्रतिबंधित कफसिरप के दो सौदागर हिरासत में
100 दिन बाद प्रतिबंधित कफसिरप के दो सौदागर हिरासत में

जागरण संवाददाता, दुमका: नगर थाना की पुलिस ने ठीक एक सौ दिन के बाद जिले में प्रतिबंधित कफसिरप के अवैध कारोबार में संलिप्त दो सौदागर को मंगलवार को धर दबोचा। हिरासत में आए पटवारी गली के अनूप गुप्ता व दुधानी के सूरज गुप्ता से पूछताछ की जा रही है। बुधवार को पुलिस मामले का विस्तार से खुलासा करेगी।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया। अब दोनों से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके साथ और कितने लोग इस अवैध कार्य में लिप्त हैं और कहां तक इनका यह धंधा फैला है। थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि नामजद चार में दो आरोपित को काफी मशक्कत के बाद हिरासत में लिया गया है। पूछताछ चल रही है। बुधवार को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। मालूम हो कि 14 मार्च को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सराय रोड में एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में छापेमारी कर अवैध तरीके से लाए गई 25 पेटी प्रतिबंधित कफसिरप जब्त की थी। पेटियों में पांच हजार बोतल थी।

कफसिरप की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई थी। सिरप पटना से रांची और वहां से दुमका लाया गया था। सारी पेटी इलेक्ट्रॉनिक सामान के नीचे छुपाकर लाई गई थी। पुलिस ने जांच के बाद चार पर मामला दर्ज किया था। काफी प्रयास के बाद भी चारों पुलिस के हाथ नहीं आए। दोनों की गिरफ्तारी से कफ सिरप के काले कारोबार से पर्दा उठ सकता है।

chat bot
आपका साथी