पीएम आवास देख लौट रहे दो भाइयों की हादसे में मौत

रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिदुरिया-नोनीहाट मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात बाइक के पेड़ से टकरा जाने से जरमुंडी प्रखंड की ठेकचाघोघा पंचायत अंतर्गत लता गांव के 22 वर्षीय राकेश सोरेन एवं 20 वर्षीय शनि मुर्मू की मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 07:26 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 07:26 PM (IST)
पीएम आवास देख लौट रहे दो भाइयों की हादसे में मौत
पीएम आवास देख लौट रहे दो भाइयों की हादसे में मौत

संवाद सहयोगी, रामगढ़ (दुमका): रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिदुरिया-नोनीहाट मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात बाइक के पेड़ से टकरा जाने से जरमुंडी प्रखंड की ठेकचाघोघा पंचायत अंतर्गत लता गांव के 22 वर्षीय राकेश सोरेन एवं 20 वर्षीय शनि मुर्मू की मौत हो गई। शनि मूल रूप से रामगढ़ प्रखंड के ही लखनपुर पंचायत अंतर्गत बसडीहा गांव का रहने वाला था। बचपन में मां-बाप की मौत हो जाने के बाद वह अपनी बुआ के घर लता में ही रहता था। शनिवार को रामगढ़ थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मामले में राकेश के बड़े भाई के बयान पर अनियंत्रित होकर बाइक से दुर्घटना में दोनों युवकों की मौत की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

राकेश सोरेन रांची से इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद दुमका में बीए पार्ट वन में पढ़ रहा था। वहीं उसका ममेरा भाई शनि मुर्मू मुंबई में रोजगार करता था। शनि के नाम से उनके पैतृक गांव बसडीहा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति मिली थी। वह कुछ दिन से गांव में रहकर आवास बनवा रहा था।

शुक्रवार की सुबह राकेश सोरेन और शनि बाइक से निर्माणाधीन आवास देखने गए थे। दोनों देर रात अपने घर लता लौट रहे थे। सिदुरिया-नोनीहाट मुख्य मार्ग पर मंडलचक गांव के आगे तीखी मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर खजूर के पेड़ से टकरा गई। इसके बाद दोनों खेत में बने गड्ढे में जा गिरे। रात होने के कारण किसी को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। दोनों युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। रात भर पानी में रहने के कारण ही दोनों की मौत हो गई। दोनों युवकों का चेहरा काफी फूल गया था। शनिवार की सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए उधर गए तो दोनों युवकों का शव देख शोर मचाया। इसके बाद इसकी सूचना रामगढ़ थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया।

chat bot
आपका साथी