सखी मंडल की महिलाओं के बीच तीन करोड़ 77 लाख की राशि वितरित

जामा प्रखंड मुख्यालय परिसर में रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में तीन करोड 77 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:16 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:16 PM (IST)
सखी मंडल की महिलाओं के बीच तीन करोड़ 77 लाख की राशि वितरित
सखी मंडल की महिलाओं के बीच तीन करोड़ 77 लाख की राशि वितरित

जामा प्रखंड मुख्यालय परिसर में रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में जामा की झामुमो की विधायक सीता सोरेन ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत 1114 सखी मंडल महिलाओं के बीच तीन करोड़ 77 लाख 55 हजार राशि की स्वीकृति पत्र सौंपा। इसके अलावा उन्होंने हड़िया-दारू बेचने वाली महिलाओं को फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाख 38 हजार रुपये का चेक वितरित किया। इस मौके पर पांच लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया। सोना सोबरन योजना के तहत विधायक ने धोती, साड़ी व लुंगी का वितरण किया। मनरेगा के तहत पशु शेड, सिचाई कूप की स्वीकृति पत्र, मनरेगा जाब कार्ड, महिला मेठों के बीच किट का वितरण किया। इस मौके पर विधायक सीता सोरेन ने कहा कि पूर्व में भाजपा के कार्यकाल में बाहरी मुख्यमंत्री की तानाशाही थी। अब राज्य की जनता के सहयोग से उनकी अपनी सरकार चल रही है।

कहा कि तकरीबन दो वर्ष तक कोविड संक्रमण के कारण कार्य की गति धीमी रही। हालांकि, उस दौरान भी सरकार द्वारा बाहर काम कर रहे मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाया गया और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। कहा कि सभी लोग कोविड-19 का वैक्सीन जरूर लगवाएं। विधायक ने कहा कि जो भी समस्या वह उन्हें बताएं, उसका समाधान किया जाएगा। कहा कि स्वास्थ्य विभाग, कल्याण विभाग समेत उन तमाम विभागों की समस्याओं को दूर किया जाएगा। कहा कि इसके लिए अब प्रत्येक तीन महीने में प्रखंड में समीक्षा बैठक की जाएगी, जिसमें ग्रामीण अपनी बात रख सकते हैं। विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बरसात के दिनों में मिट्टी के घर गिर जाते हैं और उसके अंदर रहने वाले लोग दबकर मर जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने भूरभूरी पुल के नवनिर्माण की देखरेख करने की बात कही क्योंकि बड़े योजनाओं में ठेकेदार अपनी जेब को गरम करने चक्कर में लगे रहते हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम जामा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर यादव ने प्रखंड में चल रही सभी विकास योजनाओं से विधायक को अवगत कराया। इस मौके पर विधायक का स्वागत परंपरागत आदिवासी नृत्य के साथ किया गया। मौके पर एसडीपीओ उमेश कुमार सिंह, अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल, थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह, राकेश चौधरी,कालेश्वर सोरेन, सत्तार खां, सुरेन्द्र यादव, मनीष यादव ,विजय यादव, गौतम कुमार दर्वे, विकास मिश्रा, बीईईओ लीला कुमारी उपाध्याय, मनरेगा बीपीओ आशारोज हांसदा, कनीय अभियंता रंजन कुमार हेंब्रम, विशाल कुमार, महेंद्र मांझी, मुकेश राउत समेत कई मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी