सर पांच सौ नहीं है, एक सौ का रसीद काट दीजिए

जागरण संवाददाता दुमका शहरी क्षेत्र में सोमवार को सदर प्रखंड के विकास पदाधिकारी राजेश

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 09:25 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 09:25 PM (IST)
सर पांच सौ नहीं है, एक सौ का रसीद काट दीजिए
सर पांच सौ नहीं है, एक सौ का रसीद काट दीजिए

जागरण संवाददाता, दुमका : शहरी क्षेत्र में सोमवार को सदर प्रखंड के विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने चार जगह पर अभियान चलाकर बिना ई पास के चलने वाले 136 बाइक सवारों से 26 हजार रुपया जुर्माना वसूला। साथ ही अगली बार पकड़े जाने पर एक सौ की जगह पांच सौ रुपये लेने की कड़ी नसीहत देकर छोड़ा।

सुबह नौ बजे बीडीओ मुफस्सिल थाना के सहायक अवर निरीक्षक जोन मिज के साथ हवाईअड्डा मोड़ के पास पहुंचे और पास की जांच शुरू की। शुरू में तो लोग समझ नहीं पाए कि किस चीज की जांच हो रही है। पदाधिकारी के सामने से ही बाइक निकालने लगे। पकड़ में आने के बाद अभियान की असलियत पता चली। महज एक घंटे में ही करीब 50 बाइक को पकड़कर ई पास की जांच की गई। पहले पांच सौ का जुर्माना लगाया गया। इतनी बड़ी रकम सुनने के आधे कईयों की जान ही लटक गई। उतर गए खुशामद करने को। कहा कि सर, पांच सौ रुपया नहीं है। एक सौ की रसीद काट दीजिए। फिर बिना पास के पकड़ में आए तो पांच सौ दे देंगे। बीडीओ ने लोगों की मजबूरी को समझा और नसीहत देकर छोड़ भी दिया। बीडीओ का कहना था कि उनका उददेश्य लोगों को परेशान करना नहीं है लेकिन सरकार के नियमों का पालन जरूर कराना है। बहुत से लोग केवल मस्ती के लिए बाइक लेकर निकल जाते हैं। ऐसे लोगों पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक लोग नियमों का पालन करने वाले नहीं है। बताया कि नगर थाना, मुफस्सिल थाना और मसानजोर पुलिस के साथ अभियान चलाकर कुल 99 वाहनों से करीब 21 हजार की वसूली की गई है।

जरूरतमंद को किसी भी नहीं रोका

जांच के दौरान कई लोग ऐसे भी मिले तो परिवार के साथ टीका लगवाने के लिए जा रहे थे। कुछ बीमार के लिए दवा तो कुछ बीमार को डाक्टर के पास लेकर जा रहे थे। मालवाहक वाहनों को भी नहीं रोका गया। नाम का पास देखने के बाद सभी को तत्काल जाने दिया गया। इतना ही नहीं कई युवाओं को बिना मास्क के पकड़ा गया।

महिला पुलिस ने भी दिखाया दम

शहर के दुधानी टावर चौक में नगर थाना की महिला पुलिस ने पास की जांच की। इस दौरान 37 वाहनों को पकड़कर 51 सौ का जुर्माना वसूला गया। नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि लगातार वाहन की जांच चलती रहेगी।

chat bot
आपका साथी