पुलिस की गिरफ्त में आया एक लाख का इनामी नक्सली, एसपी बलिहार की हत्या के बाद से थी तलाश Dumka News

वर्ष 2013 में 2 जुलाई को पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत सिंह बलिहार की नक्सिलयों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही आकाश की तलाश की जा रही थी।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 14 Oct 2019 12:33 PM (IST) Updated:Mon, 14 Oct 2019 12:33 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आया एक लाख का इनामी नक्सली, एसपी बलिहार की हत्या के बाद से थी तलाश Dumka News
पुलिस की गिरफ्त में आया एक लाख का इनामी नक्सली, एसपी बलिहार की हत्या के बाद से थी तलाश Dumka News

दुमका, जेएनएन। नक्सलियों के खिलाफ दुमका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक लाख रुपये का इनामी नक्सली 28 वर्षीय आकाश मुर्मू को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। 2013 में पाकुड़ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत सिंह बलिहार की हत्या के बाद से पुलिस को आकाश की तलाश थी।

दुमका के एसपी वाईएस रमेश ने सोमवार को नक्सली आकाश की गिरफ्तारी की जानकारी मीडिया को दी। वे पुलिस अधिकारियों के साथ नक्सली मुर्मू को लेकर मीडिया के सामने आए। उन्होंने बताया कि पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत सिंह बलिहार की हत्या के बाद से ही आकाश लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। वह नक्सलियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क में शामिल हो गया था। फिलहाल महाराष्ट्र के पुणे में एक निजी कंपनी में काम कर रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद रविवार को पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से छापामार आकाश को धर दबोचा।

वर्ष 2013 में 2 जुलाई को पाकुड़ के तत्कालीन एसपी बलिहार की नक्सिलयों ने हत्या कर दी थी। नक्सलियों के हमले में बलिहार के मारे जाने के बाद से ही आकाश की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि आकाश को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। आकाश दुमका के रामगढ़ प्रखंड के लखनपुर गांव का रहने वाला है।

chat bot
आपका साथी