रसायन मिलाकर केरोसिन से बनाया जा रहा था पेट्रोल-डीजल

रसायन मिलाकर केरोसिन से पेट्रोल और डीजल बनाने के बड़े खेल का उद्भेदन गुरुवार को हुआ। तेल के इस काले कारोबार को बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के कुछ लोग दुमका के सरैयाहाट के अवैध तेल कारोबारी की मदद से चला रहे थे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 06:40 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 06:42 PM (IST)
रसायन मिलाकर केरोसिन से बनाया जा रहा था पेट्रोल-डीजल
रसायन मिलाकर केरोसिन से बनाया जा रहा था पेट्रोल-डीजल

संवाद सहयोगी, हंसडीहा: रसायन मिलाकर केरोसिन से पेट्रोल और डीजल बनाने के बड़े खेल का उद्भेदन गुरुवार को हुआ। तेल के इस काले कारोबार को बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के कुछ लोग दुमका के सरैयाहाट के अवैध तेल कारोबारी की मदद से चला रहे थे। पुलिस ने सुबोध साह व गाड़ी चालक दिवाकर साह को गिरफ्तार किया है।

मिलावट के इस काले कारोबार का पता उस समय चला, जब हंसडीहा थाना पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि हंसडीहा के रास्ते भारी मात्रा में केरोसिन तेल की खेप जाने वाली है। हंसडीहा पुलिस ने महादेवगढ़ चेकपोस्ट पर संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली तो उसमें पांच प्लास्टिक के ड्रम में 550 लीटर केरोसिन मिला। वाहन चालक से केरोसिन के बारे में पूछताछ करने पर गाड़ी में बैठे एक शख्स ने पुलिस को बताया कि गाड़ी व तेल हमारा है और इसे सरैयाहाट के कारोबारी दिनेश साह से खरीदकर बौंसी ले जा रहे हैं। मामला संदिग्ध दिखने पर हंसडीहा थाना प्रभारी आकृष्ट अमन के नेतृत्व में हंसडीहा थाना की पुलिस ने सरैयाहाट थाना पुलिस की मदद से दिनेश साह के सरैयाहाट स्थित घर मे छापेमारी की तो वहां से आठ प्लास्टिक के ड्रम में रखा 700 लीटर मिट्टी का तेल और कई तरह के रसायन बरामद हुए। दिनेश साह पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गया था।

हंसडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ की खरीद-बिक्री के साथ-साथ आपराधिक षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी व जालसाजी से गलत तरीके से रासायनिक पदार्थ मिलाकर नकली डीजल व पेट्रोल बनाने को लेकर सरैयाहाट के तेल कारोबारी दिनेश साह, बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के आचरज गांव निवासी तेल कारोबारी सुबोध साह व गाड़ी चालक बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव निवासी दिवाकर साह के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिक दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सुबोध व दिवाकर ने बताया है कि मिट्टी के तेल में केमिकल मिलाकर डीजल-पेट्रोल बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में इसे बेचा करते थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मिट्टी का तेल दिनेश साह के गोदाम तक कैसे पहुंचता था। कहीं इस खेल में प्रखंड के पीडीएस डीलर भी तो शामिल नहीं है।

chat bot
आपका साथी