पांच घरों में लगी आग, हजारों की संपत्ति जली

प्रखंड की बंदरजोड़ा पंचायत के कन्हरा गांव में शुक्रवार की दोपहर एक बजे पांच घरों में आग लगने से हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने अग्निशामक वाहन को बुलाया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 06:36 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 06:36 PM (IST)
पांच घरों में लगी आग, हजारों की संपत्ति जली
पांच घरों में लगी आग, हजारों की संपत्ति जली

संवाद सहयोगी, रामगढ़: रामगढ़ प्रखंड की बंदरजोड़ा पंचायत के कन्हरा गांव में शुक्रवार की दोपहर एक बजे पांच घरों में आग लगने से हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने अग्निशामक वाहन को बुलाया। हालांकि दमकल के आने से पहले ही ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग पर काबू पा लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल जी भी गांव पहुंचे व पीड़ित परिवार से बात कर तत्काल जन वितरण प्रणाली के दुकान से राशन एवं केरोसिन तेल उपलब्ध कराया। वहीं आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो जाने से पीड़ित परिवार को रो-रोकर बुरा हाल था।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में दुबराज पंडित के घर में आग लग गई। पंडित टोला में लगभग 35 से 40 घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं। दूबराज के घर आग कैसे लगी, इसकी जानकारी किसी को भी नहीं हुई। कयास लगाया जा रहा है कि चूल्हे की चिगारी से आग लगी होगी। ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी आग ने विमल पंडित, अशोक पंडित, चिगड़ु पंडित एवं कंचन पंडित के घर को भी चपेट में ले लिया। हवा चलने के कारण आग की लपटें इतनी तेज हो गई थीं कि ग्रामीण पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे। किसी तरह सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीण ने छतों पर चढ़कर छप्पर को अलग किया, जिस कारण आग और नहीं फैल सकी। घटना में दूबराज पंडित, अशोक पंडित, चिगडु पंडित, विमल पंडित एवं कंचन पंडित के घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। कंचन पंडित को छोड़कर चारो के घर में कुछ भी सामान नहीं बचा।

chat bot
आपका साथी