दुमका जिले के सरैयाहाट रामगढ़ में मास्क की अनदेखी, शारीरीक दूरी का पालन नहीं

संवाद सहयोगी सरैयाहाट (दुमका) दुमका जिले में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमितो

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 12:19 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 12:19 AM (IST)
दुमका जिले के सरैयाहाट रामगढ़ में मास्क की अनदेखी, शारीरीक दूरी का पालन नहीं
दुमका जिले के सरैयाहाट रामगढ़ में मास्क की अनदेखी, शारीरीक दूरी का पालन नहीं

संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका) : दुमका जिले में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रहा है। जिले में रोज किसी न किसी की जान जा रही है। अभी तक इस रोग से 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सरैयाहाट में दिशा-निर्देशों की अवहेलना की जा रही है। रविवार को हाट में भीड़ थी। 10 फीसद लोगों के चेहरे पर ही मास्क दिखे। शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया। इस कारण वायरस आम जन को संक्रमित करने के लिए आतुर है।

हाट बाजार में लोग शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। मास्क का उपयोग नहीं के बराबर हो रहा है। चाहे वह साप्ताहिक हाट हो अथवा बाजार की दुकान। सभी जगह बिना मास्क के ही लोगों को घर का सामान खरीदते देखे जा रहे है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से उदासीन है। न मास्क जांच हो रही है और न ही किसी तरह की शारीरिक दूरी का पालन। लोग खुलेआम बिना मास्क के घूम रहे हैं। रात आठ बजे के बाद भी दुकानें खुली रहती हैं। सरैयाहाट के साप्ताहिक हाट में सब्जी, अनाज के अलावा कपड़े की दुकान भी सजती हैं।

----------------

रामगढ़ बाजार में मास्क पहनाना चुनौती

संवाद सहयोगी, रामगढ़ : रामगढ़ बाजार में रविवार को लगी साप्ताहिक हाट में लोगों ने कोरोना वायरस से बचने के लिए जारी गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। लोगों ने न मास्क पहना और न ही शारीरिक दूरी का पालन किया। भीड़ की सूचना पर लगभग पांच बजे प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल जी एवं थाना प्रभारी रुपेश कुमार पुलिस बल के साथ बाजार पहुंचे और फटकार लगाई। कई दुकानों का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। मास्क नहीं पहनने वाले कई लोगों से उठक बैठक भी कराई गई। बीडीओ एवं थाना प्रभारी ने हाट में बेवजह घूम रहे लोगों से अपील की कि अभी समय बहुत खराब चल रहा है। इसीलिए लोग बेवजह अपने घरों से बाहर ना निकले। बहुत जरूरी होने पर मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकले। बाजार में रविवार एवं गुरुवार को साप्ताहिक हाट लगती है। इस हाट में हजारों की संख्या में दूर-दराज से लोग खरीदारी करने आते हैं।

chat bot
आपका साथी