Murder in Land Dispute: जमीन विवाद में चाची की गोली मारकर हत्या, पांच राउंड फायरिंग में चचेरा भाई व चाचा भी घायल

जमीन विवाद के कारण गुरुवार की शाम मधुपुर के पसिया गांव में एक महिला की उसके भतीजे ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान आरोपित का चचेरा भाई व चाचा भी गोली लगने से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 07:03 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 07:03 PM (IST)
Murder in Land Dispute: जमीन विवाद में चाची की गोली मारकर हत्या, पांच राउंड फायरिंग में चचेरा भाई व चाचा भी घायल
पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है।

मधुपुर, जेएनएन। जमीन विवाद के कारण गुरुवार की शाम मधुपुर के पसिया गांव में एक महिला की उसके भतीजे ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान आरोपित का चचेरा भाई व चाचा भी गोली लगने से घायल हो गए। मृतका 55 वर्षीय जुलेखा खातुन को उसके सगे भतीजे सिराज शेख ने गोली मार दी। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गोली लगने से जुलेखा का बेटा इना शेख व पति गुलाब शेख भी घायल हो गए। बताया जाता है कि सिराज ने देसी पिस्तौल से पांच चक्र गोली चलाई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और चार खोखा बरामद किया। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल इना शेख को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि इना शेख दुकान से सामान लेने के लिए जा रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाकर बैठे चचेरे भाई सिराज शेख ने गोली मार दी। गोली उसके कमर में लगी। वह जान बचाकर भागा तो सिराज ने उसका पीछा किया। इस बीच जुलेखा अपने बेटे को बचाने के लिए आई। सिराज के सिर पर खून सवार था। उसने अपनी चाची जुलेखा की पीठ पर गोली मार दी और वह वहीं ढेर हो गई। मृतका के पति गुलाब शेख बीच में आए तो सिराज ने उन्हें भी गोली मार दी। हालांकि गोली उन्हें छूते हुए निकल गई। बाद में हवाई फायरिंग करते हुए सिराज भाग निकला।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, थाना प्रभारी मनोज कुमार मल्लिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तत्काल हटाया गया। साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल गुलाब शेख का कहना है कि उसका बेटा दुकान में सामान लेने गए था। सिराज ने उसका पीछा कर उसे गोली मार दी। वह दौड़कर घर में घुस गया। सिराज भी उसके पीछे उसके घर में जा घुसा। मां बचाने आई तो उसकेे गर्दन के पीछे भाग में गोली मार दी जिस कारण उसे मौके पर ही मौत हो गई। गुलाब के मुताबिक सिराज मुख्य रूप से इना को जान से मारना चाहता था इस बीच मां बीच में आ गई तो उसे मार दी। वह अंधाधुंध गोली चला रहा था।

पूर्व से चल रहा जमीन विवाद : मृतका व आरोपित के परिवार के बीच पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। करीब एक माह पूर्व जमीन विवाद के कारण ही दोनों पक्ष में मारपीट हुई थी। इस घटना में आज घायल हुए गुलाब शेख का हाथ टूट गया था। इस सिलसिले में जानलेवा हमला व अन्य धाराओं के तहत 15 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मामले में सिराज व उसके पिता हबीब शेख को आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने हबीब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह अभी भी जेल में ही है। जबकि सिराज घटना के बाद से फरार था। इसी बात को लेकर सिराज काफी गुस्से में था और बदला लेने की नियत से उसने आज की घटना को अंजाम दिया। जानकारी हो कि पूर्व में हुए जमीन विवाद के बाद पुलिस को फिर से झंझट होने का अंदेशा था। इसी कारण दोनों पक्ष पर 17 सितंबर को निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी।

गांव में पुलिस बल तैनात : घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। इसे देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के सिलसिले में एडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह का कहना है कि जमीन विवाद के कारण गोली चली है। गोली लगने से जुलेसा की मौत हो गई जबकि इना गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान पांच चक्र गोली चलाई गई और चार खोखा बरामद किया गया है। पूर्व में जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गोली कांड के सिलसिले में गुलाब के बयान पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी