भौंरा में पानी के लिए मचा हाहाकार, आंदोलन की चेतावनी

झरिया पूर्वी झरिया के भौंरा इलाके में पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। कोलियरी प्रबंधन की लापरवाही से हजारों लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। लोग काफी परेशान हैं। दूर से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 05:40 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 05:40 PM (IST)
भौंरा में पानी के लिए मचा हाहाकार, आंदोलन की चेतावनी
भौंरा में पानी के लिए मचा हाहाकार, आंदोलन की चेतावनी

जासं, झरिया : पूर्वी झरिया के भौंरा इलाके में पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। कोलियरी प्रबंधन की लापरवाही से हजारों लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। लोग काफी परेशान हैं। दूर से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। भौंरा छह, आठ, 16, 19 नंबर, परसियाबाद आदि इलाकों में भीषण पेयजल संकट छाया हुआ है। क्षेत्र में गर्मी की शुरुआत होते ही पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। क्षेत्र के लोग सुबह से शाम तक पेयजल के लिए बाल्टी, गैलन लेकर इधर से उधर भटकते हैं। क्षेत्रों में लगभग पांच हजार की आबादी पेयजल की समस्या से जूझ रही है। भौंरा के समाजसेवी मौसम महंती, रंजीत यादव, चंदन महतो, सुग्रीव सिंह, मौसमी यादव आदि ने कहा कि कोलियरी प्रबंधन की लापरवाही से क्षेत्र में जलसंकट बना हुआ है। ईजे एरिया के जीएम जीसी साहा जल संकट को दूर करने के लिए गंभीर नहीं हैं। मौसमी यादव ने कहा कि जल संकट को दूर करने के लिए सैकड़ों लोगों ने गुरुवार को ईजे एरिया भौंरा क्षेत्रीय कार्यालय के पास जोरदार प्रदर्शन किया। बावजूद इसके कोल अधिकारी गंभीर नहीं हैं। कहा कि भौंरा के लगभग हर इलाके में पेयजल की समस्या है। कॉलोनी व मुहल्लों के लोग जलसंकट से जूझ रहे हैं। खदानों का पानी भी लोगों को नहीं मिल रहा है। भौंरा हाई स्कूल के समीप बने वाटर टैंक के ट्रीटमेंट प्लांट से पहले जल की आपूर्ति होती थी। यहां से भी अब लोगों को पूरा पानी नहीं मिलता है। मेनलाइन पाइप से रास्ते में दर्जनों लोग अवैध पेयजल का पाइप जोड़ लिए हैं। इस कारण वाटर टैंक भरता नहीं है। मुहल्लों व कॉलोनी में पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। कहा कि जल्द पेयजल संकट का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ईजे एरिया के क्षेत्रीय असैनिक अभियंता कुमार शशांक देव ने एक सप्ताह के अंदर पेयजल की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी