पिट वाटर के लिए नार्थ तिसरा में प्रबंधक का घेराव

संस तिसरा एक माह से पिट वाटर नहीं मिलने के कारण नार्थ तिसरा एमओसीपी अस्पताल कालोनी के

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:47 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:47 PM (IST)
पिट वाटर के लिए नार्थ तिसरा में प्रबंधक का घेराव
पिट वाटर के लिए नार्थ तिसरा में प्रबंधक का घेराव

संस, तिसरा : एक माह से पिट वाटर नहीं मिलने के कारण नार्थ तिसरा एमओसीपी अस्पताल कालोनी के लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। लोगों ने पानी की मांग को लेकर नार्थ तिसरा परियोजना के प्रबंधक डीके मांजी का छह नंबर पिट के पास घेराव कर दिया। प्रबंधन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। प्रबंधक की ओर से जल्द पिट वाटर की आपूर्ति का आश्वासन देने के बाद लोग शांत हुए। कालोनी में रहनेवाले पंकज वाल्मीकि ने बताया कि यहां दो सौ क्वार्टर में लोग रहते हैं। बोरिग व पिट वाटर के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है। 28 दिनों से पानी की आपूर्ति यहां बंद है। बोरिग का पंप खराब हो गया है। समर सेबुल पंप टूट कर नीचे गिर गया है। यहां समस्याओं का अंबार है। दूसरी ओर बंगाली कोठी की तरफ जो पिट वाटर आता है। वह भी कई दिनों से बंद है। पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा है। परेशान लोग दो किलोमीटर दूर से पानी लाने को विवश हैं। कई लोग खरीद कर पानी पी रहे हैं। नहाने, कपड़ा धोने और घरेलू काम पानी के बिना नहीं हो पा रहा है। कहा कि मोहरीबाध, घनूडीह आदि जगहों से विस्थापन कर वर्षों पूर्व लोगों को यहां बसाया गया हैं। यहां संगठित और असंगठित मजदूर दोनों रहते हैं। विस्थापन के समय प्रबंधन ने सारी सुविधाएं देने की बात कही थी, लेकिन कोई सुविधा नहीं मिल रही है। लोगों ने कहा कि आज तो घेराव हुआ है, यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर परियोजना का चक्का जाम कर देंगे।

मौके पर दीपक साव, शिव चौधरी, प्रेम रवानी, मयूर, संतोष, मिथिलेश, शुभम, मुन्नीलाल आदि लोग थे।

---

मेन पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन बहुत ज्यादा हो गया है। इस कारण कालोनी में पानी नहीं पहुंच रहा है। प्रयास में लगे हैं कि कालोनी के सभी लोगों को पानी मिले।

- डीके मांजी, प्रबंधक नार्थ तिसरा कोलियरी।

chat bot
आपका साथी