पुटकी पंप हाउस का मेन राइजिंग पाइप क्षतिग्रस्त, दो दिन तक चार लाख आबादी रहेगी प्यासी Dhanbad News
माडा कर्मचारी संघ के मो.असलम का कहना है कि विभाग को इस ओर अधिक ध्यान देना चाहिए क्योंकि सबसे अधिक आबादी इस इलाके में रहती है। अब दो दिन क्षतिग्रस्त पाइप ठीक करने में लग जाएगा। ऐसी परिस्थिति में विभाग को पानी की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकार दामोदर हेड वर्क्स जामाडोबा से पुटकी पंप हाउस को पेयजल आपूर्ति की जाने वाली 24 इंच मेन राइजिंग पाइप लहरगोड़ा बस्ती के पास क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण अवर प्रमंडल जलापूर्ति कुसुंडा क्षेत्र में जलापूर्ति सोमवार शाम से बाधित हो गई है। क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक करने में दो दिन का समय लग सकता है। 24 इंच मेन राइजिंग पाइप क्षतिग्रस्त होने से अवर प्रमंडल जलापूर्ति क्षेत्र अंतर्गत पुटकी, करकेंद, लोयाबाद, केंदुआ, गोधर, बसरिया निचितपुर, भूली, कोल बोर्ड कॉलोनी आदि क्षेत्र प्रभावित होंगे। यहां की लगभग चार लाख की आबादी अगले दो दिनों तक आबादी प्यासी रहेगी।
माडा कर्मचारी संघ के मो.असलम का कहना है कि विभाग को इस ओर अधिक ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सबसे अधिक आबादी इस इलाके में रहती है। अब दो दिन क्षतिग्रस्त पाइप ठीक करने में लग जाएगा। ऐसी परिस्थिति में विभाग को पानी की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। पुटकी, जामाडोबा, केंदुआ आदि इलाकों में पहले भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती रही है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दो से तीन किलोमीटर पैदल जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ जाती है। जामाडोबा हेडवर्क्स में भी कुछ पुराने उपकरण को दुरुस्त करने की जरूरत है। आए दिन यहां भी जलापूर्ति बाधित होती है।