Dumka, Jharkhand: ग्रामीणों ने महिला को करार दिया भूत, सजा देने के लिए किया यह अमानवीय कृत्य

महिला पर गांव के कुछ लोगों ने डायन का आरोप लगाया। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पहले मारपीट की। इसके बाद दया देवी रितू देवी और दुबन दर्वे ने पत्नी का हाथ पकड़ लिया और एक गिलास में मैला घोलकर जबरन पिला दिया।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 08:57 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 08:57 AM (IST)
Dumka, Jharkhand: ग्रामीणों ने महिला को करार दिया भूत, सजा देने के लिए किया यह अमानवीय कृत्य
डायन कहकर ग्रामीणों ने महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया ( प्रतीकात्मक फोटो)।

संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका)। झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के विधानसभा क्षेत्र जरमुंडी में डायन प्रथा को लेकर अमानवीय कृत्य किया गया है। जरमुंडी के मधुवाटिकर गांव में डायन बताकर 58 वर्षीय महिला पूजन्ता देवी को दबंगों ने मैला पिला दिया। गांव के दबंगों का कहर इस दंपती पर एक माह से जारी था। पीडि़ता ने रविवार को पति के साथ थाना जाकर मामला दर्ज कराया। इस मामले में दुबन दर्वे, भागवत दर्वे, जानकी दर्वे, सिकंदर दर्वे, कैलाश दर्वे, जंक्शन दर्वे, दया देवी, कौशल्या देवी और रितु देवी को आरोपित बनाया गया है। ये सब फरार हैं।

महिला के पति 60 वर्षीय भूषण दर्वे ने पुलिस को बताया कि आरोपित अक्सर उसकी पत्नी को डायन बताकर लड़ाई-झगड़ा करते थे। एक महीना पहले भी उसको भूत कहकर मारपीट की थी। इस दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर समझौता कराने की बात कही थी और मामले को दबा दिया था। इसके बाद से आरोपितों का मन बढ़ गया। इधर, 22 नवंबर की सुबह उसकी पत्नी पर गांव के कुछ लोगों ने डायन का आरोप लगाया। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पहले मारपीट की। इसके बाद दया देवी, रितू देवी और दुबन दर्वे ने पत्नी का हाथ पकड़ लिया और एक गिलास में मैला घोलकर जबरन पिला दिया।

तीन दिसंबर को भी पत्नी के साथ आरोपितों ने मारपीट की तथा धमकी दी कि अगर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई तो अंजाम बुरा होगा। किसी तरह साहस बटोरकर वे लोग थाना पहुंचे तथा मामला दर्ज कराया। गांव के ही कुछ लोगों ने इस संबंध में गवाही भी दी है। एएसआइ बम शंकर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं।

पीडि़त महिला के पति के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। ऐसा करनेवाले को छोड़ा नहीं जाएगा।

-नवल किशोर सिंह, पुलिस निरीक्षक जरमुंडी, दुमका

chat bot
आपका साथी