Dumka Crime News: प्रधान के फरमान पर ग्रामीणों ने महिला-पुरुष को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, तस्वीर वायरल होने पुलिस ने दोनों को कराया मुक्त

ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों में अवैध संबंध है। संदिग्ध अवस्था में देखने के बाद उन्हें सजा दी गई। वहीं पुलिस निरीक्षक का कहना है कि अवैध संबंध जैसी कोई बात नहीं है। महिला ने अपने पति के केस के सिलसिले में पुरुष को बुलाया था।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 09:56 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 09:56 AM (IST)
Dumka Crime News: प्रधान के फरमान पर ग्रामीणों ने महिला-पुरुष को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, तस्वीर वायरल होने पुलिस ने दोनों को कराया मुक्त
अवैध संबंध के आरोप में महिला-पुरुष को ग्रामीणों ने किया दंडित ( सांकेतिक फोटो)।

जागरण संवाददाता, दुमका। बड़तल्ली पंचायत के ग्राम प्रधान ने सोमवार को एक शर्मनाक फैसला सुनाकर मानवता को शर्मसार कर दिया। ग्राम प्रधान व गांववालों ने एक महिला को उसके प्रेमी के साथ पकड़ा। इसके बाद दोनों को निर्वस्त्र कर गांव में एक किमी तक घुमाया। रात में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार दोनों को आजाद कराया। महिला के बयान पर ग्राम प्रधान समेत चार को नामजद किया गया है और 50 अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, बड़तल्ली पंचायत के एक गांव की इस आदिवासी महिला का पति तीन साल पहले एक मामले में जेल चला गया था। उसके बाद से वह मजदूरी कर अपना व तीन बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। इसी दौरान कोल्हडिय़ा गांव के एक गैर आदिवासी दो बच्चों के पिता से उसकी पहचान हो गई। दोनों प्रेम करने लगे। सोमवार की शाम महिला के बुलाने पर वह उसके घर आया था। गांव के लोगों को इसकी भनक लगी। उन्होंने ग्राम प्रधान को बताया। उसके साथ कई ग्रामीण महिला के घर गए और दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्राम प्रधान ने फैसला सुनाया कि दोनों को निर्वस्त्र कर घुमाया जाए। इस बीच किसी ने तस्वीर वायरल कर दी। देर रात पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस निरीक्षक उमेश राम गांव गए और दोनों को आजाद कराकर थाना लाए।

दोनों में अवैध संबंध का मामला नहीं : पुलिस

ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों में अवैध संबंध है। संदिग्ध अवस्था में देखने के बाद उन्हें सजा दी गई। वहीं पुलिस निरीक्षक का कहना है कि अवैध संबंध जैसी कोई बात नहीं है। महिला ने अपने पति के केस के सिलसिले में पुरुष को बुलाया था। अवैध संबंध के शक में दोनों को पकड़कर गांव में घुमाया गया।

जागरण अपील

हमारे देश में कानून का राज है। यदि कहीं कोई समस्या होती है तो पुलिस है। उससे शिकायत करें। अदालत से इंसाफ मांगे। खुद कानून हाथ में लेना कतई तर्कसंगत नहीं है। यह तो गैरकानूनी है। किसी महिला व पुरुष को निर्वस्त्र कर घुमाना बेहद शर्मनाक और क्रूरतापूर्ण कृत्य है। हम इंसान हैं, एक-दूसरे से इंसानियत का व्यवहार करना चाहिए। कानून को किसी भी सूरत में हाथ में नहीं लेना चाहिए।

सदर प्रखंड के बीडीओ व सीओ को गांव भेजा गया है। पीडि़ता गांव में रहती है, इसलिए उसकी सुरक्षा बहुत जरूरी है। प्रशासन की ओर से हर तरह सुरक्षा दी जाएगी।

रविशंकर शुक्ला, डीसी, दुमका

पुरुष व महिला को निर्वस्त्र घुमाने की बात सामने आई है। पुलिस ने महिला के बयान पर मामला दर्ज किया है। जो लोग भी दोषी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

अंबर लकड़ा, पुलिस अधीक्षक, दुमका

chat bot
आपका साथी