NCW: महिला सुरक्षा की दिशा में अच्छी पहल, एक छत के नीचे मिलेगी सभी सेवाएं; याद रखें Helpline Number 7827170170

नई हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए एक ही छत के नीचे सेवाओं की एकीकृत श्रेणी की सुविधा प्रदान करना है जैसे पुलिस से मदद मनो-सामाजिक परामर्श और अन्य सेवाओं के साथ वन स्टॉप सेंटर तक पहुंच बनाना शामिल है।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 09:59 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 10:10 AM (IST)
NCW: महिला सुरक्षा की दिशा में अच्छी पहल, एक छत के नीचे मिलेगी सभी सेवाएं; याद रखें Helpline Number 7827170170
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का हेल्पलाइन नंबर।

जागरण संवाददाता, धनबाद। हिंसा से प्रभावित महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के निवारण के लिए एक अच्छी पहल हुई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने देश भर की महिलाओं की सुरक्षा के लिए सातों दिन चलने वाली 24 घंटे की हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत मंगलवार से की जा रही है। हिंसा से प्रभावित महिलाएं इस नंबर 7827170170 पर 24 घंटे ले सहायता सकेंगी। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इसे साझा किया है। साथ ही इस हेल्पलाइन को शुरू करने के उद्देश्य की भी जानकारी दी है। हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं को 24 घंटे आपातकालीन और गैर-आपातकालीन शिकायतों और परामर्श सेवाएं प्रदान करना है। इस सेवा का पुलिस, अस्पतालों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मनोवैज्ञानिक सेवाओं जैसे उपयुक्त प्राधिकारियों से जोड़कर और एक ही नंबर के माध्यम से देश भर में महिलाओं से संबंधित सरकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करने का लक्ष्य है। यह हेल्पलाइन सेवा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा शुरू की गई कई पहलों के अनुरूप है।

एक ही छत के नीचे सभी सेवाओं की मिलेगी की सुविधा

नई हेल्पलाइन का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए एक ही छत के नीचे सेवाओं की एकीकृत श्रेणी की सुविधा प्रदान करना है, जैसे पुलिस से मदद, मनो-सामाजिक परामर्श और अन्य सेवाओं के साथ वन स्टॉप सेंटर तक पहुंच बनाना शामिल है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा से संबंधित मुद्दों पर मदद की सुविधा के लिए हेल्पलाइन सेवा 24 घंटे काम करेगी। यह हेल्पलाइन सेवा प्रशिक्षित विशेषज्ञों की एक टीम के साथ काम करेगी। नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के परिसर से संचालित होने वाली इस हेल्पलाइन पर देश के किसी भी राज्य शहर से 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की कोई भी लड़की या महिला फोन करके सहायता प्राप्त कर सकती है।

शिकायत मंच होगा और मजबूत

राष्ट्रीय महिला आयोग-एनसीडब्ल्यू अपने वैधानिक शासनादेश के तहत देश भर से हिंसा, महिला अधिकारों से वंचित होने की विभिन्न श्रेणियों के तहत शिकायतों को देख रहा है। ये शिकायतें लिखित या ऑनलाइन तरीके से आयोग की वेबसाइट www.ncw.nic.in. के माध्यम से प्राप्त होती हैं। आयोग शिकायतों का उपयुक्त निवारण सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं को पर्याप्त और शीघ्र राहत प्रदान करने में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शिकायतों पर कार्रवाई करता है। शिकायत मंच को मजबूत करने और इसका विस्तार करने के लिए आयोग ने इस डिजिटल हेल्पलाइन सेवा को शुरू करने की पहल की है। इस हेल्पलाइन सेवा को डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है।

chat bot
आपका साथी