Love Story: दो जोड़ों ने एक-दूजे को सुनाई अपनी प्रेम कहानी तो निकला रास्ता, पुलिस के हस्तक्षेप से स्वजनों ने अपनाया

Love Story पूर्वी टुंडी के बामनबाद गांव के दयाल मंडल एवं राजेश मंडल का अपनी-अपनी प्रेमिकाओं के साथ चेपकिया तथा मोहलीडीह रघुनाथपुर के शिवमंदिर पहुंचे। जहां प्रेमी युगलों ने पहले से ही पंडित की भी व्यवस्था कर रखी थी। शादी के बाद चारों सीधे पूर्वी टुंडी थाना पहुंच गए।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 05:58 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 05:34 AM (IST)
Love Story: दो जोड़ों ने एक-दूजे को सुनाई अपनी प्रेम कहानी तो निकला रास्ता, पुलिस के हस्तक्षेप से स्वजनों ने अपनाया
रघुनाथपुर मंदिर में शादी करते दोनों प्रेमी जोड़ा ( फोटो जागरण)।

पूर्वी टुंडी, जेएनएन। प्यार अगर सच्चा हो तो हर मुश्किलें आसान हो जाती हैं। अब पूर्वी टुंडी प्रखंड के बामनबाद गांव के दयाल मंडल और राजेश मंडल की प्रेम कहानी को ही लीजिए। दयाल का चेपकिया तो राजेश का मोहलीडीह गांव की युवती से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों प्रेम विवाह करना चाहते थे लेकिन स्वजन तैयार नहीं थे। प्रेम में फंसे दोनों युवकों ने अपनी-अपनी बात साझा की। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे की हाैसलाअफजाई की। और भाग कर शादी करने का निर्णय कर लिया। दोनों ने अपनी-अपनी प्रेमिकाओं संग एक ही साथ भाग कर शादी का प्लान बनाया। प्लान सफल हुआ तो माता-पिता भी स्वीकार करने को तैयार हो गए। 

रघुनाथपुर शिव मंदिर में रचाई शादी

मंगलवार की रात दोनों प्रेमी अपनी-अपनी प्रेमिकाओं के साथ भागकर रघुनाथपुर मंदिर पहुंचे। यहां पहले ही पंडित को शादी की व्यवस्था करने को कह दिया गया था। चारों ने भगवान शंकर को साक्षी मानकर शादी की। इसके बाद इन्हें परिजनों का भय सताने लगा। शादी के सीधे पूर्वी टुंडी थाना पहुंच गए। पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद चारों के अभिभावकों से पुलिस ने संपर्क साधा। सभी थाना पहुंचे। पहले मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने जब यह कानून का  पाठ पढ़ाया कि सभी बालिग हैं। शादी करने और साथ रहने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद अभिभावक भी तैयार हो गए। 

गांव में दो की माैत से शादी के जश्न में खलल

शादी के बाद जब अभिभावक तैयार हो गए तो चारों हंसी-खुशी बामनबाद गांव पहुंचे। एक ही गांव में दो युवकों की शादी की खुशी में जश्न का माहाैल था। बुधवार सुबह गांव में नाै वर्षीय अर्जुन बाउरी और 45 वर्षीय गुलेन मंडल की माैत हो गई। दोनों की माैत इलाज के क्रम में निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में हो गई। इसके बाद गांव में खुशी की जगह शोक की लहर दाैड़ गई।

chat bot
आपका साथी