Sahibganj: तिलभिट्ठा गांव में आदिवासियों ने तीर और गुलेल से पुलिस पर बोला हमला, पांच घायल

साहिबंगज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला हुआ है। पुलिस तिलभिट्ठा गांव में एक अभियुक्त को पड़ने गई थी। इसी दाैरान आदिवासियों ने तीर-धनुष से हमला बोल दिया। पुलिस टीम को जान बचाने के लिए भागना पड़ा।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 08:34 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 06:56 PM (IST)
Sahibganj: तिलभिट्ठा गांव में आदिवासियों ने तीर और गुलेल से पुलिस पर बोला हमला, पांच घायल
रांगा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला ( प्रतीकात्मक फोटो)।

साहिबगंज, जेएनएन। जिले के रांगा थाना क्षेत्र के तिलभिट्ठा गांव में मंगलवार की रात आदिवासियों ने तीर व गुलेल से हमला कर दिया। पुलिस के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस को अपना वाहन छोड़कर पैदल ही वहां से भागना पड़ा। हमले में पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। बुधवार दिन में पुलिस जवाबी कार्रवाई करने के लिए गांव में पहुंची। लेकिन गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। आदिवासी गांव छोड़कर भाग गए थे।

मानव तस्करी के आरोपित को पकड़ने गई थी पुलिस

मानव तस्करी के आरोपित को गिरफ्तार करने गई रांगा थाने की पुलिस पर तिलभिट्टा संताली टोला में मंगलवार की रात ग्रामीणों ने तीर व गुलेल से हमला कर दिया। इसमें पांच पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस कर्मी किसी तरह वहां से बच कर निकले। बुधवार को एसडीपीओ पीके मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस गांव में पहुंची लेकिन वहां सन्नाटा पसरा हुआ था। ग्रामीण अपना अपना घर छोड़कर भाग गए थे। क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को वहां से थाना लाया गया। इस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

2019 में दर्ज हुआ था मानव तस्करी का मामला

रांगा थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआइ प्रमोद टुडू, एसआइ भारती कुमारी, एएसआइ कमलजीत चौधरी दल बल के साथ 2019 में थाने में मानव तस्करी में दर्ज मामलों के आरोपित जिसु सोरेन और सावित्री कर्मकार की गिरफ्तारी के लिए रात करीब 12 बजे तिलभिट्टा गांव पहुंचे। पुलिस टीम गांव में प्रवेश कर रही थी तभी एक महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी आदिवासी एकजुट हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया।

रात में पुलिस के गांव में प्रवेश से भड़क गए ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस रात में गांव में क्यों आयी। सुबह में आना चाहिए। अचानक हुए हमले के कारण वहां से सभी पुलिस अधिकारी व जवान को वापस लौटना पड़ा। उसके बाद बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव जानेवाले रास्ते को जगह-जगह पत्थर रखकर अवरुद्ध कर दिया। समूह में ग्रामीण जगह-जगह बैठे हुए थे। इसके बाद बरहड़वा एसडीपीओ पीके मिश्रा के नेतृत्व में छह थानों की पुलिस गांव में पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को वहां से लाया। टीम में बीडीओ सह सीओ सुमन कुमार सौरभ, बरहड़वा इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, राजमहल थाना प्रभारी प्रणीत पटेल, तीनपहाड़ थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, बरहड़वा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, कोटालपोखर थाना प्रभारी शिव कुमार सिंह, रांगा थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, बरहेट थाना प्रभारी गौरव कुमार आदि शामिल थे।

मानव तस्करी के दो आरोपितों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी है। पुलिस वारंट के तामिला के लिए महिला अधिकारी के साथ गांव में पहुंची थी। वहां के ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी का विरोध किया और उन्हें भगा दिया। पुलिस टीम पर तीर, पत्थर, गुलेल से हमला कर दिया। इसमें कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए है। पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। दोनों आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-पीके मिश्रा, एसडीपीओ, बरहड़वा

chat bot
आपका साथी