DMC: इस इलाके में 15 वर्षों से नहीं बनी सड़क, तीन अरब के सड़क-नाली निर्माण के टेंडर में भी शामिल नहीं
वार्ड नंबर 31 के गांधी नगर इलाके में सड़क की स्थिति बहुत खराब है। चलने की हालत में नहीं है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क तो छोड़िए नाली की भी व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से गंदा पानी आए दिन सड़कों पर बहता रहता है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: वार्ड नंबर 31 के गांधी नगर इलाके में सड़क की स्थिति बहुत खराब है। चलने की हालत में नहीं है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क तो छोड़िए नाली की भी व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से गंदा पानी आए दिन सड़कों पर बहता रहता है। इन समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल झामुमो युवा जिला उपाध्यक्ष आकाश रवानी के नेतृत्व में नगर आयुक्त से मिला।
आकाश रवानी ने नगर आयुक्त को बताया कि गांधी रोड महावीर स्थान से लेकर नियर मॉडर्न इन्फेंट स्कूल ऑफ लर्निंग होते हुए चांदमारी तक रोड की व्यवस्था काफी खराब है। पिछले 15 वर्षों से एक भी बार यहां रोड नहीं बनी। सिर्फ यही नहीं सही से नाली का निर्माण भी नहीं हुआ है। हाल ही में नगर निगम में सड़क नाली का लगभग तीन अरब का टेंडर निकाला है। इसमें भी इस सड़क को शामिल नहीं किया गया।
यही हाल धोबिया बस्ती और श्रीराम नगर का है। वार्ड की जनता का सब्र का बांध तब टूटा जब पिछले दिनों एक से लेकर 55 वार्ड का टेंडर निकला, लेकिन वार्ड नंबर 31 के इस इलाके पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां की समस्या का समाधान नहीं निकला। आए दिन हल्की बारिश में भी लोगों के घरों में नाली का पानी घुस जाता है। धनबाद का सबसे घनत्व वाला वार्ड नंबर 31 के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। पूर्व वार्ड पार्षद भी इस इलाके की अनदेखी करते रहे हैं। नगर आयुक्त से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया गया कि इससे अति आवश्यक समझते हुए निदान करें। अन्यथा वार्ड 31 के लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। नगरा रतन कुमार ने सभी को आश्वस्त किया की जांच कराकर उस इलाके में सड़क और नाली निर्माण किया जाएगा। हो सकता है निविदा के समय उस इलाके पर ध्यान न गया हो। जहां भी सड़क-नाली की समस्या है, उसका निधान किया जाएगा।