Dhanbad Weather Update: रात में बूंदाबांदी, सुबह खिली चांदी जैसी धूप; जानें अब कैसा रहेगा माैसम का मिजाज

Dhanbad Weather Update चक्रवाती तूफान जवाद का असर धनबाद में भी देखने को मिला। दो दिन तक धूप नहीं निकले। रविवार शाम और रात में बंदा-बांदी हुई। सोमवार सुबह सूर्य देवता प्रकट हुए तो धूप चांदी जैसी चमक रही थी। अब ठंड बढ़ेगी।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 07:12 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 07:36 AM (IST)
Dhanbad Weather Update: रात में बूंदाबांदी, सुबह खिली चांदी जैसी धूप; जानें अब कैसा रहेगा माैसम का मिजाज
धनबाद के आइआइटी-आइएसएम के ऊपर प्रकट होते सूर्य देवता ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता धनबाद। सऊदी अरब के समुद्री तूफान जवाद के कमजोर पड़ जाने से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश से भारी तबाही मचाने का खतरा टल गया। धनबाद में भी तेज हवा के साथ दिनभर होने वाली बारिश जैसी परिस्थिति नहीं बनी। रविवार को आसमान में पूरे दिन बादल रहे। देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई। रात में भी कहीं-कहीं आसमान से फुहारें गिरे। हालांकि सोमवार सुबह माैसम अचानक बदल गया। सुबह सूर्योदय हुआ तो आसमान साफ था। धूप चांदी जैसी चमक रही थी। वैसे माैसम विशेषज्ञों का मानना है कि दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादल छा सकते हैं। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। तेज बारिश की संभावना अब नहीं है।

पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ गया जवाद

मानसून अध्ययनकर्ता डॉ एसपी यादव के मुताबिक ओडिशा के तट से टकराने के बाद चक्रवात पहले डिप्रेशन और फिर लो प्रेशर में बदल गया। लो प्रेशर अब पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ चुका है। धनबाद से तकरीबन 100 किलोमीटर दूर दक्षिण से हो कर लो प्रेशर ओडिश से पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ा है। इस वजह से देर शाम यहां हल्की बूंदाबांदी हुई। सोमवार को भी मौसम का मिजाज ऐसे ही बने रहने की संभावना है। लो प्रेशर की वजह से बंगाल के कई इलाकों में बारिश होगी। पश्चिम बंगाल से सटे धनबाद और दूसरे इलाकों में भी बारिश का आंशिक असर दिख सकता है। हालांकि कहीं भी भारी बारिश की संभावना अब नहीं है। पहले सोमवार को जोरदार बारिश की संभावना जताई गई थी।

बादलों की वजह से कम थी गर्मी, आठ दिसंबर से फिर लुढ़केगा पारा

पिछले कई दिनों से बादलों की आवाजाही की वजह से ठंड अपना असर नहीं दिखा रही थी। 7 दिसंबर के बाद मौसम साफ होगा और मौसम साफ होते ही ठंड अपना तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग ने पहले ही ठंड को लेकर पूर्वानुमान जारी कर दिया है। दिसंबर के दूसरे हफ्ते में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक जाने की संभावना जताई गई है। तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ेगी। हालांकि इधर एक-दो दिन रात का तापमान 16- 17 डिग्री तक रहने की संभावना है। बुधवार से न्यूनतम तापमान 4 डिग्री लुढ़क कर 13 डिग्री पर जाएगा। इसके बाद और गिरावट हो सकती है।

chat bot
आपका साथी